*नीलकंठ धाम में निर्माण कार्यों का महापौर ने किया निरीक्षण* *श्रद्धालुओं के लिए हाईटेक धर्मशाला, यज्ञशाला और वाटिका का होगा निर्माण, 51 फीट ऊंची शिव प्रतिमा भी बनेगी आकर्षण का केंद्र*

*नीलकंठ धाम में निर्माण कार्यों का महापौर ने किया निरीक्षण*

*श्रद्धालुओं के लिए हाईटेक धर्मशाला, यज्ञशाला और वाटिका का होगा निर्माण, 51 फीट ऊंची शिव प्रतिमा भी बनेगी आकर्षण का केंद्र*

 

रुद्रपुर। गंगापुर रोड पर विकसित किए जा रहे शिव कॉरिडोर के निर्माण कार्यों में तेजी आ रही है। मंगलवार को महापौर विकास शर्मा ने निर्माणाधीन नीलकंठ धाम का स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित लोगों को निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और निर्धारित स्वरूप का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। महापौर ने कहा कि शिव कॉरिडोर धार्मिक आस्था का केंद्र बनने के साथ ही रुद्रपुर की सांस्कृतिक पहचान और पर्यटन को भी नई दिशा देगा।

 

निरीक्षण के दौरान महापौर ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के 14 फरवरी को रुद्रपुर आगमन के दौरान शिव कॉरिडोर की घोषणा की गई थी। इसके तहत नीलकंठ धाम मंदिर, गोल्ज्यू देवता मंदिर और पीछे स्थित शिव मंदिर को जोड़कर भव्य कॉरिडोर विकसित किया जा रहा है। नीलकंठ धाम को आकर्षक स्वरूप दिया जा रहा है। मंदिर के नीचे विशाल बेसमेंट हॉल बनाया जाएगा, जहां भजन-कीर्तन, धार्मिक अनुष्ठान और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा सकेंगे।

 

उन्होंने बताया कि मंदिर परिसर में भगवान महादेव और माता पार्वती के साथ मां दुर्गा, मां काली, श्री बालाजी महाराज, भैरव बाबा, प्रेतराज जी, महंत जी महाराज, भगवान श्रीराम-सीता और राधा-कृष्ण की स्थापना की योजना है। इसके अलावा मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुरूप परिसर में भगवान शिव की 51 फीट ऊंची भव्य प्रतिमा स्थापित की जाएगी, जो श्रद्धालुओं और पर्यटकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनेगी।

 

महापौर ने बताया कि शिव कॉरिडोर में श्रद्धालुओं की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए हाईटेक धर्मशाला का निर्माण कराया जाएगा। इसमें आधुनिक सुविधाओं से युक्त कमरे बनाए जाएंगे, ताकि आदि कैलाश, केदारनाथ, जगन्नाथ, मां पूर्णागिरि, जागेश्वर धाम और मां हाट कालिका सहित विभिन्न धार्मिक स्थलों की यात्रा करने वाले श्रद्धालु यहां विश्राम कर सकें। परिसर में यज्ञशाला भी बनाई जाएगी, जहां हवन और अन्य धार्मिक अनुष्ठान किए जा सकेंगे।

 

इसके साथ ही परिसर में सुंदर वाटिका विकसित करने के अलावा टहलने और बैठने के लिए आकर्षक फुटपाथ बनाए जा रहे हैं। पार्किंग की व्यवस्था भी की जाएगी। आध्यात्मिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए मेडिटेशन हाउस बनाने की योजना है, जहां लोग ध्यान और साधना कर सकेंगे। परिसर को हरा-भरा बनाने के लिए पौधरोपण भी किया जा रहा है। महापौर ने कहा कि कॉरिडोर को इस तरह विकसित किया जा रहा है, ताकि युवा, बुजुर्ग, महिलाएं और परिवार के लोग यहां आकर धार्मिक एवं आध्यात्मिक वातावरण में समय बिता सकें। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद यहां पहले की तरह बालाजी दरबार सहित अन्य धार्मिक गतिविधियां भी शुरू की जाएंगी।

 

उन्होंने बताया कि शहर में भव्य त्रिशूल स्थापित किया जा चुका है, जबकि डमरू लगाने की तैयारी चल रही है। इसके अलावा कॉरिडोर में भव्य प्रवेश द्वार भी बनाया जाएगा। महापौर ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन और सहयोग से शिव कॉरिडोर को भव्य स्वरूप दिया जा रहा है। यह परियोजना आने वाले समय में कुमाऊं क्षेत्र की विशिष्ट पहचान बनेगी और रुद्रपुर को आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक नगरी के रूप में स्थापित करने में अहम भूमिका निभाएगी।

 

निरीक्षण के दौरान भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अनिल चौहान, वरिष्ठ नेता भारत भूषण चुघ, पार्षद पवन राणा, चिराग कालरा, अल्पसंख्यक मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष अमन सिंह विर्क, सुशील अग्रवाल, चंदन अग्रवाल, कुलबीर सिंह, गौरव जुयाल और मनीष छाबड़ा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement