*जेसीज पब्लिक स्कूल में दसवीं अंतरविद्यालयी गुरबाणी शबद-कीर्तन प्रतियोगिता आयोजित*
*30 विद्यालयों के विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा, श्री दशमेश स्कूल बाजपुर ने हासिल किया प्रथम स्थान*
रुद्रपुर। जेसीज पब्लिक स्कूल रुद्रपुर में गुरु पर्व के पावन अवसर पर दसवीं अंतरविद्यालयी गुरबाणी शबद-कीर्तन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में ऊधमसिंह नगर, नैनीताल और पीलीभीत जनपदों के 30 विद्यालयों के विद्यार्थियों ने प्रतिभाग कर अपनी गायन एवं संगीत प्रतिभा का प्रदर्शन किया। शबद-कीर्तन की प्रस्तुतियों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि डॉ. गुरप्रीत सिंह रम्मी (ऑक्सीजन मैन ऑफ इंडिया) और समाजसेवी सरदार अमरजीत सिंह ने शिरकत की। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के निदेशक द्वारा अतिथियों, प्रतिभागियों और शिक्षकों के स्वागत के साथ हुआ। उन्होंने गुरु की महिमा पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को गुरबाणी के संदेशों को जीवन में आत्मसात करने के लिए प्रेरित किया।
प्रतियोगिता में जैन ग्लोबल स्कूल, कोलंबस पब्लिक स्कूल, एमेनिटी पब्लिक स्कूल, मॉम्स प्राइड स्कूल, मिल्टन एजुकेशनल अकादमी, न्यू एरा पब्लिक स्कूल, ज्ञानदीप ग्लोबल स्कूल, जीआरडी इंटरनेशनल स्कूल, द ऑक्सफोर्ड अकादमी, ज्ञान इंटरनेशनल स्कूल, रेड रोज कॉन्वेंट स्कूल, ग्रीन माउंट ग्लोबल स्कूल, आर्यमान विक्रम बिरला संस्थान, श्री दशमेश स्कूल, गुरुकुल किच्छा, जीनियस ग्लोबल अकादमी, एसएमएस दत्ता नोजगे पब्लिक स्कूल, स्टोन रिज इंटरनेशनल स्कूल, गुरुकुल इंटरनेशनल स्कूल, ब्लूमिंग डेल्स मॉडर्न स्कूल, नालंदा सीनियर सेकेंडरी स्कूल, मोनाड पब्लिक स्कूल, स्कॉलर्स वैली इंटरनेशनल स्कूल, पायनियर्स अकादमी, रेनबो पब्लिक स्कूल, श्री गुरु नानक देव सिख पब्लिक स्कूल और श्री गुरु नानक अकादमी सहित विभिन्न विद्यालयों की टीमों ने प्रतिभाग किया।
प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में आकाशवाणी एवं डीडी टीवी बरेली के जसवंत सिंह, भाई प्रभु सिंह खालसा हल्द्वानी, ज्ञानी हरप्रीत सिंह बिलासपुर और पूजा भट्ट रुद्रपुर शामिल रहे।
प्रतियोगिता में श्री दशमेश स्कूल बाजपुर ने प्रथम, ज्ञान इंटरनेशनल स्कूल पीलीभीत ने द्वितीय तथा एमेनिटी पब्लिक स्कूल और कोलंबस पब्लिक स्कूल रुद्रपुर ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा विभिन्न श्रेणियों में भी प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। सर्वश्रेष्ठ राग गायन का पुरस्कार पायनियर्स अकादमी जसपुर, सर्वश्रेष्ठ वाद्य यंत्र समन्वय का पुरस्कार रेनबो पब्लिक स्कूल रुद्रपुर, सर्वश्रेष्ठ हारमोनियम वादन का पुरस्कार जीनियस ग्लोबल अकादमी बाजपुर और सर्वश्रेष्ठ वेशभूषा वाले कीर्तनी जत्थे का पुरस्कार मॉम्स प्राइड स्कूल रुद्रपुर को मिला।
सर्वश्रेष्ठ तबला वादन के लिए द ऑक्सफोर्ड अकादमी रुद्रपुर, सर्वाधिक उत्साहपूर्ण प्रस्तुति के लिए आर्यमान विक्रम बिरला संस्थान हल्द्वानी, सर्वश्रेष्ठ उच्चारण एवं स्पष्टता के लिए ग्रीन माउंट ग्लोबल स्कूल भीमताल तथा सर्वाधिक भावपूर्ण प्रस्तुति के लिए गुरुकुल इंटरनेशनल स्कूल हल्द्वानी को सम्मानित किया गया।
इसी क्रम में सर्वश्रेष्ठ परिचय एवं शब्द व्याख्या का पुरस्कार श्री गुरु नानक स्कूल नानकपुरी, विशेष प्रशंसा पुरस्कार मिल्टन एजुकेशनल अकादमी बिलासपुर, सर्वश्रेष्ठ स्वर उतार-चढ़ाव के लिए न्यू एरा पब्लिक स्कूल दिनेशपुर और सर्वश्रेष्ठ सहयोगी गायन का पुरस्कार रेड रोज कॉन्वेंट स्कूल गदरपुर को प्रदान किया गया।
सर्वश्रेष्ठ आलाप एवं मंगलाचरण के लिए गुरुकुल किच्छा, सर्वश्रेष्ठ सुर-ताल स्थिरता के लिए श्री गुरु नानक अकादमी नानकमत्ता तथा सर्वश्रेष्ठ सामंजस्य के लिए नालंदा सीनियर सेकेंडरी स्कूल किच्छा को पुरस्कृत किया गया। श्री गुरु नानक अकादमी के सहजदीप सिंह को मोस्ट टैलेंटेड अवार्ड प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में जेसीज पब्लिक स्कूल रुद्रपुर और डीपीएस रुद्रपुर की टीमों ने भी शानदार प्रस्तुतियां दीं। हालांकि, दोनों विद्यालयों ने प्रतियोगिता के निर्णायक मूल्यांकन से स्वयं को अलग रखा। सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें प्रोत्साहित किया गया।
विशिष्ट अतिथि डॉ. गुरप्रीत सिंह रम्मी ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रम विद्यार्थियों में सकारात्मक सोच और नैतिक मूल्यों का विकास करते हैं। वहीं, विद्यालय के चेयरमैन सुरजीत सिंह ग्रोवर ने कहा कि बदलते परिवेश में मूल्यपरक शिक्षा की आवश्यकता बढ़ गई है। विद्यार्थियों को अपनी संस्कृति और संस्कारों से परिचित कराने के साथ ही सभी धर्मों के प्रति आदर और सम्मान की भावना विकसित करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि जेसीज पब्लिक स्कूल विद्यार्थियों के सर्वांगीण व्यक्तित्व विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है।
कार्यक्रम के अंत में अतिथियों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया तथा विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र वितरित किए गए। विद्यालय के प्रधानाचार्य ने सभी अतिथियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों और आगंतुकों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर विद्यालय परिसर में निःशुल्क चिकित्सा शिविर भी लगाया गया। इसमें गदरपुर की हड्डी एवं सर्वाइकल रोग विशेषज्ञ डॉ. जसबीर कौर घुम्मन तथा रुद्रपुर के न्यूरोथैरेपिस्ट डॉ. संजय वर्मा ने मरीजों की निःशुल्क जांच कर उन्हें स्वास्थ्य संबंधी परामर्श दिया। आयोजन के दौरान सभी ने लंगर प्रसाद भी ग्रहण किया। शहर के गणमान्य लोगों ने शबद-कीर्तन के माध्यम से आध्यात्मिक चेतना का अनुभव किया।



