*रुद्रपुर के खिलाड़ियों को बड़ी सौगात, शिव अरोरा की पहल पर मोदी मैदान में बनेगा आधुनिक आउटडोर स्टेडियम*

Spread the love

मोदी मैदान में जल्द साकार होगा आउटडोर स्टेडियम का सपना

23.32 करोड़ रुपये की डीपीआर को विभागीय स्वीकृति, शासनादेश के बाद टेंडर प्रक्रिया शुरू होने की उम्मीद

रुद्रपुर। शहर के खिलाड़ियों और युवाओं के लिए लंबे समय से प्रस्तावित मोदी मैदान में आउटडोर स्टेडियम निर्माण की योजना अब धरातल पर उतरने की दिशा में आगे बढ़ गई है। विधायक शिव अरोरा के प्रयासों से स्टेडियम निर्माण के लिए तैयार 23.32 करोड़ रुपये की डिजाइन एवं विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) को विभागीय स्वीकृति मिल गई है। अब प्रस्ताव मुख्य सचिव की अध्यक्षता वाली ईएफसी कमेटी के समक्ष भेजा गया है। ईएफसी की प्रक्रिया पूरी होने और मुख्यमंत्री की स्वीकृति के बाद शासनादेश जारी होने की उम्मीद है। इसके बाद टेंडर प्रक्रिया शुरू कर निर्माण कार्य का रास्ता साफ होगा।

मोदी मैदान में इंडोर एवं आउटडोर स्टेडियम निर्माण का प्रस्ताव विधायक शिव अरोरा ने 31 अक्टूबर 2022 को मुख्यमंत्री के समक्ष रखा था। इसके बाद उनके प्रस्ताव को 17 मई 2023 को मुख्यमंत्री घोषणा संख्या 678/2023 में शामिल किया गया। मुख्यमंत्री घोषणा के क्रियान्वयन के क्रम में जिला विकास प्राधिकरण की ओर से पेयजल निर्माण निगम को कार्यदायी संस्था बनाया गया। निगम ने पहले चरण के निर्माण कार्य के लिए 23.32 करोड़ रुपये की लागत से डिजाइन और विस्तृत डीपीआर तैयार की।

हाल ही में सचिव आवास डॉ. आर. राजेश की अध्यक्षता में हुई बैठक में डीपीआर के तहत प्रस्तावित 23.32 करोड़ रुपये की धनराशि को विभागीय स्तर पर स्वीकृति प्रदान की गई। इसके बाद प्रस्ताव को ईएफसी कमेटी के समक्ष भेज दिया गया है। ईएफसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद मुख्यमंत्री की स्वीकृति मिलने पर शासनादेश जारी होने की संभावना है। शासनादेश जारी होते ही टेंडर प्रक्रिया शुरू करने की दिशा में कार्रवाई तेज होने की उम्मीद है।

विधायक शिव अरोरा ने कहा कि पहले चरण में मोदी मैदान में आउटडोर स्टेडियम का निर्माण प्रस्तावित है। उन्होंने मुख्यमंत्री और सचिव आवास को इंडोर स्टेडियम का निर्माण भी इसी परिसर में कराने का प्रस्ताव दिया है, ताकि रुद्रपुर को एक ही स्थान पर आधुनिक इंडोर और आउटडोर खेल सुविधाएं मिल सकें।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2022 में विधानसभा चुनाव से पहले मोदी मैदान में इंडोर-आउटडोर स्टेडियम का जो संकल्प लिया गया था, वह अब सिद्धि की ओर बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री घोषणा में इसे शामिल कराने से लेकर डीपीआर तैयार कराने और विभागीय स्वीकृति तक लगातार मॉनिटरिंग एवं पत्राचार किया गया। लंबे प्रयासों के बाद अब यह परियोजना मूर्त रूप लेने की दिशा में पहुंच गई है।

विधायक ने कहा कि रुद्रपुर में लंबे समय से आधुनिक खेल सुविधाओं की कमी महसूस की जा रही थी। स्टेडियम बनने के बाद शहर और आसपास के क्षेत्रों के खिलाड़ियों को बेहतर अभ्यास, प्रतियोगिताओं और प्रतिभा निखारने के लिए सुविधाएं मिल सकेंगी। इससे स्थानीय युवा खिलाड़ियों को प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का बेहतर मंच मिलेगा।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और युवाओं को खेलों से जोड़ने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इसी भावना के अनुरूप रुद्रपुर में आधुनिक खेल अधोसंरचना विकसित करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। मोदी मैदान में प्रस्तावित स्टेडियम आने वाले समय में रुद्रपुर की खेल पहचान को मजबूत करने के साथ ही नई प्रतिभाओं को तैयार करने की नर्सरी बनेगा।

विधायक शिव अरोरा ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताते हुए कहा कि राज्य सरकार की मंशा विकास योजनाओं को केवल घोषणाओं तक सीमित रखने की नहीं, बल्कि उन्हें धरातल पर उतारने की है। मोदी मैदान का स्टेडियम इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव से पूर्व जनता से किए गए विकास संबंधी वादों को पूरा करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। ईमानदार प्रयास और निरंतर मॉनिटरिंग के परिणामस्वरूप एक-एक कर संकल्प धरातल पर उतर रहे हैं। मोदी मैदान में स्टेडियम का निर्माण रुद्रपुर के युवाओं और खिलाड़ियों के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि साबित होगा।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *