*पुल से टकराकर नदी में गिरी स्कॉर्पियो, एक ही गांव के छह लोगों की मौत* *तिलक समारोह से लौट रहे थे सभी, मृतकों में तीन नाबालिग भी शामिल*

*पुल से टकराकर नदी में गिरी स्कॉर्पियो, एक ही गांव के छह लोगों की मौत*

*तिलक समारोह से लौट रहे थे सभी, मृतकों में तीन नाबालिग भी शामिल*

अररिया। बिहार के अररिया जिले में बुधवार और गुरुवार की मध्यरात्रि दर्दनाक सड़क हादसे में स्कॉर्पियो सवार छह लोगों की मौत हो गई। हादसा ताराबाड़ी थाना क्षेत्र में हुआ, जहां तिलक समारोह से लौट रही स्कॉर्पियो बीडी पुल से टकराने के बाद अनियंत्रित होकर नदी में जा गिरी। हादसे में जान गंवाने वाले सभी छह लोग सुपौल जिले के पिपरा थाना क्षेत्र के थुमहा गांव के निवासी थे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सभी लोग सिकटी प्रखंड के भपटिया गांव में संजय विश्वास के यहां आयोजित तिलक समारोह में शामिल होने गए थे। समारोह से स्कॉर्पियो में सवार होकर वापस लौटते समय वाहन बीडी पुल से टकरा गया और सीधे नदी में जा गिरा। हादसे की सूचना मिलते ही ग्रामीण और ताराबाड़ी पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी को नदी से बाहर निकालकर सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मृतकों की पहचान यश कुमार (16), सौरभ कुमार (15), आदित्य अमन (20), मुन्ना कुमार (22), आर्यन (15) और स्कॉर्पियो चालक कुंदन यादव (28) के रूप में हुई है। मृतकों में तीन नाबालिग भी शामिल हैं।

पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि सभी शवों का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया की जा रही है। एक ही गांव के छह लोगों की मौत से थुमहा गांव में शोक की लहर है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement