*अधिवक्ता मनु अग्रवाल ने हासिल की विधि में पीएचडी की उपाधि*
*डॉ. नरेंद्र कुमार सिंह के निर्देशन में पूरा किया शोध कार्य, डॉ. पूरन चंद्र पांडे के मार्गदर्शन को दिया विशेष श्रेय*
रामनगर। रामनगर के अधिवक्ता मनु अग्रवाल ने विधि के क्षेत्र में महत्वपूर्ण शैक्षणिक उपलब्धि हासिल करते हुए साबरमती विश्वविद्यालय, अहमदाबाद, गुजरात से विधि विषय में पीएचडी की उपाधि प्राप्त की है। उन्होंने “चिकित्सीय एवं विधिक पेशेवरों के लिए विधिक प्रतितोष व्यवस्था तथा क्लाइंट-रोगी के कानूनी संरक्षण हेतु उपायों एवं विधिक समस्याओं का एक अध्ययन” विषय पर शोध कार्य पूरा किया।
उनके शोध कार्य का निर्देशन साबरमती विश्वविद्यालय के विधि विभाग के सहायक आचार्य डॉ. नरेंद्र कुमार सिंह ने किया। अपनी इस उपलब्धि पर अधिवक्ता मनु अग्रवाल ने शोध निर्देशक डॉ. नरेंद्र कुमार सिंह सहित अपने गुरुजनों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने विशेष रूप से रामनगर के वरिष्ठ अधिवक्ता डॉ. पूरन चंद्र पांडे के मार्गदर्शन, प्रेरणा और सहयोग को अपनी सफलता में महत्वपूर्ण बताया।
उल्लेखनीय है कि डॉ. पूरन चंद्र पांडे के शोध निर्देशक भी डॉ. नरेंद्र कुमार सिंह ही रहे हैं। डॉ. पांडे ने वर्ष 2024 में साबरमती विश्वविद्यालय से विधि में पीएचडी की उपाधि प्राप्त की थी। इस तरह दोनों अधिवक्ताओं की शैक्षणिक यात्रा में एक ही शोध निर्देशक की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
मनु अग्रवाल की शैक्षणिक उपलब्धियों का दायरा भी व्यापक है। उन्होंने एम.कॉम., एमए (राजनीति विज्ञान), एमए (अर्थशास्त्र), एमए (समाजशास्त्र), एमए (पब्लिक हेल्थ एडमिनिस्ट्रेशन), एमए (मास कम्युनिकेशन), एमए (मनोविज्ञान), एमसीए, एमबीए, ओ-लेवल, ए-लेवल, एलएलबी तथा एलएलएम जैसी विभिन्न उच्च शैक्षणिक योग्यताएं हासिल की हैं।
उनकी इस उपलब्धि पर अधिवक्ता साथियों, सहकर्मियों और क्षेत्र के लोगों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी। उनकी पीएचडी की उपाधि को विधि एवं न्याय के क्षेत्र में उनके निरंतर अध्ययन, शोध और अकादमिक रुचि की महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।










