*24वीं प्रादेशिक पुलिस खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ*
रुद्रपुर। पुलिस लाइन रुद्रपुर में सोमवार को तीन दिवसीय 24वीं उत्तराखंड प्रादेशिक अंतर्जनपदीय/वाहिनी पुलिस बॉक्सिंग, कुश्ती, बॉडी बिल्डिंग एवं आर्म कुश्ती प्रतियोगिता-2026 का शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि जिलाधिकारी ऊधमसिंह नगर नितिन भदौरिया ने किया। प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जनपदों और वाहिनियों की कुल 15 टीमें प्रतिभाग कर रही हैं।
उद्घाटन समारोह में आयोजन सचिव एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंह नगर अजय गणपति ने जिलाधिकारी नितिन भदौरिया का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इसके बाद विभिन्न जनपदों एवं वाहिनियों से पहुंची टीमों के टीम मैनेजरों का परिचय कराया गया। खिलाड़ियों ने अपनी-अपनी टीम के ध्वज के साथ मार्चपास्ट करते हुए मुख्य अतिथि को सलामी दी।
मेजबान ऊधमसिंह नगर टीम के कप्तान कांस्टेबल अमन दुगताल ने सभी प्रतिभागियों को खेल भावना और ईमानदारी के साथ प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने की शपथ दिलाई। इसके बाद जिलाधिकारी नितिन भदौरिया ने प्रतियोगिता के विधिवत शुभारंभ की घोषणा की।
प्रतियोगिता के पहले दिन बॉक्सिंग मुकाबलों का शुभारंभ जिलाधिकारी ने कराया। आयोजन सचिव की ओर से मुख्य अतिथि को स्मृति चिह्न भेंट कर आभार व्यक्त किया गया। जिलाधिकारी के आयोजन में पहुंचने से खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला। प्रतियोगिता के दौरान बॉक्सिंग, कुश्ती, बॉडी बिल्डिंग और आर्म कुश्ती में पुलिस के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।










