*पार्टी की विचारधारा सर्वोपरि, आपसी संवाद और एकजुटता से मिलते हैं सकारात्मक परिणाम: कोश्यारी*

  • *पार्टी की विचारधारा सर्वोपरि, आपसी संवाद और एकजुटता से मिलते हैं सकारात्मक परिणाम: कोश्यारी*

रुद्रपुर। पूर्व मुख्यमंत्री उत्तराखंड एवं पूर्व राज्यपाल महाराष्ट्र भगत सिंह कोश्यारी के रुद्रपुर विधायक शिव अरोरा के आवास पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। विधायक शिव अरोरा ने परिवार एवं पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की मौजूदगी से माहौल उत्साहपूर्ण रहा।

कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए भगत सिंह कोश्यारी ने कहा कि पार्टी की विचारधारा सर्वोपरि है। प्रत्येक कार्यकर्ता को विचारधारा के प्रति समर्पित रहते हुए संगठन की मजबूती के लिए एकजुट होकर कार्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि राजनीति में आपसी संवाद बेहद जरूरी है। संवाद के माध्यम से विचारों का आदान-प्रदान होता है और कई समस्याओं का समाधान भी निकलता है।

कोश्यारी ने कहा कि राजनीति में महत्वाकांक्षा होना स्वाभाविक है, लेकिन व्यक्तिगत महत्वाकांक्षा पार्टी की विचारधारा और संगठन की मजबूती पर हावी नहीं होनी चाहिए। भाजपा की शक्ति उसकी विचारधारा, संगठन और समर्पित कार्यकर्ता हैं। कार्यकर्ता आपसी समन्वय और सहयोग के साथ आगे बढ़ेंगे तो संगठन और मजबूत होगा।

उन्होंने कहा कि रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्र भाजपा की दृष्टि से हमेशा मजबूत रहा है। कार्यकर्ताओं की मेहनत, समर्पण और सामूहिक प्रयासों से आगामी समय में भी पार्टी विजय का परचम लहराएगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संगठन की वास्तविक ताकत बताते हुए कहा कि सामूहिक परिश्रम से ही बेहतर परिणाम सामने आते हैं।

पूर्व मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में हो रहे विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत ने वैश्विक स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बनाई है। यह प्रधानमंत्री मोदी के मजबूत नेतृत्व का परिणाम है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड को भी केंद्र सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों का लाभ मिल रहा है तथा राज्य सरकार मजबूती के साथ काम कर रही है।

इस अवसर पर विधायक शिव अरोरा ने परिवार सहित कोश्यारी का स्वागत-सत्कार किया और उन्हें प्रभु श्रीराम की प्रतिमा भेंट की। उन्होंने कहा कि भगत सिंह कोश्यारी जैसे वरिष्ठ नेता, जिन्होंने लंबे समय तक लाखों कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया है, उनका आवास पर आगमन उनके लिए गौरव और सौभाग्य की बात है। उनके स्नेह, मार्गदर्शन और आशीर्वाद से कार्यकर्ताओं को नई ऊर्जा मिलती है।

शिव अरोरा ने कहा कि कोश्यारी के अनुभव से संगठन को निरंतर मार्गदर्शन मिलता है। वरिष्ठ नेतृत्व का अनुभव संगठन को मजबूत करने के साथ ही जनसेवा के संकल्प को भी और दृढ़ करता है।

उन्होंने कहा कि रुद्रपुर की जनता ने जिस विश्वास के साथ उन्हें जनप्रतिनिधि का दायित्व सौंपा है, उस विश्वास को विकास और जनसेवा के माध्यम से मजबूत करने का लगातार प्रयास किया जा रहा है। रुद्रपुर को आधुनिक एवं विकसित विधानसभा के रूप में आगे बढ़ाने के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है।

इस दौरान भाजपा जिला महामंत्री तरुण दत्ता, जिला उपाध्यक्ष अमित नारंग, पूर्व पालिका अध्यक्ष मीना शर्मा, अनिल शर्मा, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि प्रीत ग्रोवर, मंडल अध्यक्ष जगदीश विश्वास, मुकेश पाल, किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष राजेश बजाज, जिला कोषाध्यक्ष रोशन अरोरा, भाजपा नेता राकेश सिंह, सत्यप्रकाश चौहान, इंद्रपाल चौधरी, प्रधान राजकुमार सैनी, प्रधान हरीश भट्ट, प्रधान दीपक गोस्वामी, राधेश शर्मा, जीतेन्द्र संधु, आयुष चिलाना, रमेश कन्याल, निमित्त शर्मा, पंजाबी महासभा जिलाध्यक्ष पंकज बांगा, प्रदेश महामंत्री राजकुमार फूटेला, राजेश डाबर, हरनाम चौधरी, राजकुमार चौधरी, नीरज बत्रा, मयंक कक्कड़, मनोज मदान, राजेंद्र सैनी, सुनील यादव, गुरबाज दुमरा, सुभाष यादव सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Advertisement
Advertisement
Advertisement