*युवा आयोग की घोषणा पर भाजयुमो ने जताया आभार, आतिशबाजी कर मनाई खुशी*
रुद्रपुर। प्रदेश में युवा आयोग के गठन की घोषणा से उत्साहित भारतीय जनता युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को भगत सिंह चौक पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रति आभार जताते हुए खुशी मनाई। भाजयुमो जिलाध्यक्ष विपिन सिंह गहलौत के नेतृत्व में आयोजित ‘धामी जी को धन्यवाद’ कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी की और एक-दूसरे का मुंह मीठा कर खुशी का इजहार किया।
इस मौके पर जिलाध्यक्ष विपिन सिंह गहलौत ने कहा कि युवा आयोग का गठन प्रदेश के युवाओं की लंबे समय से चली आ रही मांग और अपेक्षाओं को पूरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। आयोग युवाओं की समस्याओं, अधिकारों, रोजगार, शिक्षा और कौशल विकास से जुड़े मुद्दों को प्रभावी मंच उपलब्ध कराने में अहम भूमिका निभाएगा।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार लगातार युवाओं के हित में कार्य कर रही है। युवा आयोग के गठन की घोषणा से युवाओं में विश्वास और नई उम्मीद जगी है। यह पहल युवाओं को नए अवसर उपलब्ध कराने तथा उनके सशक्तीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगी।
भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने कहा कि युवा आयोग का गठन युवाओं के सम्मान और उज्ज्वल भविष्य की दिशा में ऐतिहासिक पहल है। इसके लिए प्रदेश की युवा शक्ति मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त करती है।
कार्यक्रम में जिला मीडिया संयोजक विजय तोमर सहित भाजयुमो पदाधिकारी मनीष, रचित, आदेश, नीलकंठ राणा, विक्की, अनुभव, दीपक, सुनील सिंह, मयंक, जसवंत, उमेश, अभिषेक, मंडल अध्यक्ष और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
युवा शक्ति का सम्मान, धामी सरकार का संकल्प।











