*श्रमिकों के कल्याण और सम्मान के लिए प्रतिबद्ध है धामी सरकार: राजेश शुक्ला*
श्रमिक परिवारों का जीवन स्तर सुधारना सरकार की प्राथमिकता: त्रिलोक नेगी
श्रमिक परिवारों को मजबूत बनाना प्रदेश के विकास को मजबूत करना: रीना गौतम
किच्छा। श्रम विभाग की ओर से आयोजित कार्यक्रम में पंजीकृत श्रमिकों एवं उनके परिवारों को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के तहत पोषण, शिक्षण एवं स्वच्छता किट वितरित की गईं। कार्यक्रम में पूर्व विधायक राजेश शुक्ला, ब्लॉक प्रमुख रीना गौतम एवं उत्तराखंड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के सदस्य त्रिलोक नेगी ने लाभार्थियों को किट प्रदान कीं।
इस अवसर पर पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने कहा कि श्रमिक प्रदेश के विकास की रीढ़ हैं। निर्माण, उद्योग, कृषि समेत विभिन्न क्षेत्रों में उनका महत्वपूर्ण योगदान है। श्रमिकों और उनके परिवारों के सम्मान, सुरक्षा तथा सामाजिक-आर्थिक सशक्तीकरण के लिए सरकार लगातार कदम उठा रही है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार श्रमिक हितों को प्राथमिकता दे रही है। भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के माध्यम से पंजीकृत श्रमिकों को पोषण, शिक्षा, स्वास्थ्य और स्वच्छता समेत विभिन्न योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। सरकार का उद्देश्य योजनाओं का लाभ पात्र परिवारों तक पहुंचाना है, ताकि कोई भी श्रमिक सरकारी सुविधाओं से वंचित न रहे।
राजेश शुक्ला ने कहा कि पोषण किट से श्रमिक परिवारों की जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलेगी, जबकि शिक्षण किट बच्चों की शिक्षा को प्रोत्साहित करेगी। स्वच्छता किट का वितरण भी परिवारों के स्वास्थ्य और स्वच्छता के प्रति सरकार की संवेदनशीलता को दर्शाता है। उन्होंने श्रमिकों से अपना पंजीकरण एवं आवश्यक दस्तावेज पूरे रखने और पात्र योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।
कर्मकार बोर्ड के सदस्य त्रिलोक नेगी ने कहा कि बोर्ड का उद्देश्य पंजीकृत श्रमिकों और उनके परिवारों को अधिक से अधिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि पोषण, शिक्षा एवं स्वच्छता किट वितरण श्रमिक परिवारों के जीवन स्तर में सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
ब्लॉक प्रमुख रीना गौतम ने कहा कि श्रमिक परिवारों के बच्चों की शिक्षा, पोषण और महिलाओं की स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए किट वितरण सरकार की संवेदनशील सोच को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि श्रमिक परिवारों को मजबूत बनाना प्रदेश के विकास को मजबूत करना है।
कार्यक्रम में श्रम विभाग के अधिकारियों ने श्रमिक कल्याण से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी और पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने पर जोर दिया। श्रमिकों एवं उनके परिवारों ने सरकार की पहल का स्वागत करते हुए आभार व्यक्त किया।
इस दौरान श्रम कल्याण अधिकारी तन्मय पंत, राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के सदस्य नितिन वाल्मीकि, पूर्व सांसद प्रतिनिधि धर्मराज जायसवाल, सतीश गुप्ता, राकेश गुप्ता, मंडल महामंत्री मुकेश कोली, ग्रामीण मंडल महामंत्री जितेंद्र गौतम, प्रकाश पंत, विनोद कोली, अमरनाथ कश्यप, जितेंद्र गुप्ता, अंकित तिवारी, मूलचंद राठौर, कुलदीप बग्गा, रितिक कश्यप, सोनल कुशवाह, चंदन जायसवाल, कुसुम गंगवार, मीना शर्मा सहित श्रम विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, पंजीकृत श्रमिक एवं उनके परिजन मौजूद रहे।











