*ग्रामीण जनसंवाद में बेहड़ ने करीब एक करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण व शिलान्यास किया, किच्छा-नगला अंडरपास के लिए डीएम कार्यालय पर 24 घंटे धरना देंगे* – *गांवों में पहुंचकर सुनी ग्रामीणों की समस्याएं, विकास कार्यों का दिया भरोसा*

### *ग्रामीण जनसंवाद में बेहड़ ने करीब एक करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण व शिलान्यास किया, किच्छा-नगला अंडरपास के लिए डीएम कार्यालय पर 24 घंटे धरना देंगे*

 

– *गांवों में पहुंचकर सुनी ग्रामीणों की समस्याएं, विकास कार्यों का दिया भरोसा*

 

किच्छा। ग्रामीण जनसंवाद कार्यक्रम के तहत विधायक तिलक राज बेहड़ ने मंगलवार को विभिन्न गांवों का दौरा कर ग्रामीणों से संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने करीब एक करोड़ रुपये की लागत के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। वहीं, किच्छा-नगला और जवाहर नगर अंडरपास निर्माण की मांग को लेकर विधायक ने बुधवार को जिलाधिकारी कार्यालय के सामने 24 घंटे धरने पर बैठने का ऐलान किया।

 

ग्राम गंगापुर में विधायक बेहड़ ने मंदिर से सर्वजीत सिंह के खेत तक 86 लाख 83 हजार रुपये की लागत से बनने वाले मोटर मार्ग के डामरीकरण कार्य का शिलान्यास किया। नारायणपुर कोठा में 2 लाख 89 हजार रुपये की लागत से निर्मित सीसी सड़क तथा 1 लाख 88 हजार रुपये की लागत से बनी पुलिया एवं सीसी सड़क का लोकार्पण किया। प्रतापपुर घोटा में 1 लाख 65 हजार रुपये की लागत से स्थापित वाटर कूलर का उद्घाटन किया।

 

इसके बाद विधायक पुरानी गल्ला मंडी स्थित गुरु सिंह सभा गुरुद्वारे में गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर आयोजित कीर्तन दीवान में शामिल हुए। उन्होंने मत्था टेककर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर विधायक निधि से छह लाख रुपये की लागत से स्थापित सोलर प्लांट का भी लोकार्पण किया। बेहड़ ने कहा कि गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं समाज को भाईचारे, गरीबों की मदद और मानवता की सेवा का संदेश देती हैं। सिख समाज ने देश सेवा और जनकल्याण में हमेशा महत्वपूर्ण योगदान दिया है। समाज को आपसी प्रेम और सद्भाव के साथ आगे बढ़ना चाहिए।

 

किच्छा-नगला और जवाहर नगर अंडरपास निर्माण की मांग को लेकर विधायक ने कहा कि रेलवे फाटक दिन में 15 से 20 बार बंद होने के कारण लोगों को घंटों जाम में फंसना पड़ता है। इस समस्या के समाधान के लिए रेलवे विभाग और जिला प्रशासन से लगातार वार्ता की जा रही है। उन्होंने कहा कि अंडरपास निर्माण की मांग को लेकर बुधवार को जिलाधिकारी कार्यालय के सामने 24 घंटे धरना दिया जाएगा। उन्होंने क्षेत्रवासियों से भी इस जनहित की लड़ाई में सहयोग करने की अपील की।

 

विधायक ने कहा कि किच्छा पुराना शहर है, जहां मंदिर, गुरुद्वारे, बाजार और विभिन्न समुदायों के लोग आपसी भाईचारे के साथ रहते हैं। क्षेत्र की समस्याएं सभी की साझा समस्याएं हैं और उनके समाधान के लिए वह हमेशा जनता के साथ खड़े रहेंगे।

 

ग्रामीण जनसंवाद के दौरान विधायक बेहड़ ने गंगापुर, गणेशपुर, नारायणपुर कोठा, नारायणपुर, सुंदर कॉलोनी और प्रतापपुर घोटा में ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। नारायणपुर कोठा में उन्होंने कहा कि गांव से उनका वर्षों पुराना जुड़ाव है। यहां बिजली, ट्रांसफार्मर, स्कूल, सड़क, पुलिया और श्मशान घाट सहित कई विकास कार्य कराए गए हैं। मुख्य पुल मार्ग का सर्वे पूरा हो चुका है और डीपीआर तैयार की जा रही है। शासन से स्वीकृति मिलने के बाद इसे प्राथमिकता से पूरा कराया जाएगा। कटान की समस्या को भी जिला योजना में शामिल कराया जाएगा।

 

कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष राजेश प्रताप सिंह, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष गुलशन सिंधी, जिला पंचायत सदस्य गुरदास कालड़ा, रामकुमार सिंह, मुकेश पासवान, सर्वजीत सिंह, संतोष सिंह, श्रवण भगत, बबलू प्रधान, अशोक चुघ सहित अनेक ग्रामीण मौजूद रहे।

 

गुरुद्वारे के कार्यक्रम में प्रधान देवेंद्र मंड, संतोख सिंह, सभासद गुरप्रीत पोल्ला, निर्मल सिंह, परमजीत सिंह, हरभजन सिंह, करमजीत सिंह, गुरनाम धारीवाल, दलजीत सिंह, गुरचरण सिंह, गुरजस सिंह, दलजीत कक्कड़ और डिम्पल सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

 

 

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement