*बिना हेलमेट चालकों को चालान के बजाय हेलमेट देकर एसएसपी ने किया जागरूक* *त्रिशूल चौक पर सड़क सुरक्षा अभियान, चालक और पीछे बैठने वाली सवारी को हेलमेट पहनने की अपील*

### *बिना हेलमेट चालकों को चालान के बजाय हेलमेट देकर एसएसपी ने किया जागरूक*

 

*त्रिशूल चौक पर सड़क सुरक्षा अभियान, चालक और पीछे बैठने वाली सवारी को हेलमेट पहनने की अपील*

 

रुद्रपुर। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से ऊधम सिंह नगर पुलिस ने विशेष सड़क सुरक्षा जनजागरूकता अभियान चलाया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में रुद्रपुर के त्रिशूल चौक पर आयोजित अभियान के दौरान एसएसपी ने स्वयं वाहन चालकों को हेलमेट वितरित कर सुरक्षित यातायात का संदेश दिया।

 

अभियान के दौरान बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वाले चालकों को चालान करने के बजाय हेलमेट भेंट कर यातायात नियमों के पालन के लिए प्रेरित किया गया। पुलिस की इस पहल का उद्देश्य लोगों में सड़क सुरक्षा के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना और दुर्घटनाओं में होने वाली जनहानि को रोकना रहा। इस दौरान दोपहिया वाहन चालक के साथ पीछे बैठने वाली सवारी को भी हेलमेट पहनने के प्रति जागरूक किया गया।

 

एसएसपी अजय गणपति ने वाहन चालकों से संवाद करते हुए कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और जनहानि से बचाव के लिए यातायात नियमों का पालन बेहद जरूरी है। हेलमेट केवल चालान से बचने का साधन नहीं, बल्कि जीवन की सुरक्षा का महत्वपूर्ण कवच है। उन्होंने लोगों से अपील की कि दोपहिया वाहन चलाते समय स्वयं हेलमेट पहनें और पीछे बैठने वाली सवारी को भी हेलमेट पहनने के लिए प्रेरित करें। साथ ही निर्धारित गति सीमा का पालन करने और वाहन चलाते समय सावधानी बरतने की अपील की।

 

कार्यक्रम के अंत में वाहन चालकों एवं उपस्थित नागरिकों को नियमित रूप से हेलमेट पहनने और यातायात नियमों का पालन करने का संकल्प दिलाया गया। पुलिस ने आमजन से सड़क सुरक्षा को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए नियमों का पालन करने की अपील की।

 

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक रुद्रपुर प्रमोद कुमार, पुलिस अधीक्षक अपराध एवं यातायात अनुषा बड़ोला, क्षेत्राधिकारी रुद्रपुर, यातायात निरीक्षक सहित अन्य पुलिस अधिकारी, कर्मचारी और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

 

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement