*मटकोटा बिजलीघर से जुड़े क्षेत्रों में पांच करोड़ से बिछेगी कवर कंडक्टर वायर, आवास विकास से कार्य शुरू* *15 से 20 दिनों में ट्रांजिट कैंप, शिवनगर, जगतपुरा, मुखर्जी नगर सहित अन्य क्षेत्रों में पूरा होगा काम, बिजली फॉल्ट और दुर्घटनाओं से मिलेगी राहत*

### *मटकोटा बिजलीघर से जुड़े क्षेत्रों में पांच करोड़ से बिछेगी कवर कंडक्टर वायर, आवास विकास से कार्य शुरू*

 

*15 से 20 दिनों में ट्रांजिट कैंप, शिवनगर, जगतपुरा, मुखर्जी नगर सहित अन्य क्षेत्रों में पूरा होगा काम, बिजली फॉल्ट और दुर्घटनाओं से मिलेगी राहत*

 

रुद्रपुर। शहर की विद्युत व्यवस्था को अधिक सुरक्षित और सुचारु बनाने के लिए मटकोटा बिजलीघर के अंतर्गत आने वाले विभिन्न क्षेत्रों में पांच करोड़ रुपये की लागत से 11 हजार वोल्ट की कवर कंडक्टर इंसुलेटेड वायर बिछाई जाएगी। विधायक शिव अरोरा के प्रस्ताव पर शुरू हुए इस कार्य का शुभारंभ शुक्रवार को आवास विकास क्षेत्र से किया गया। विधायक ने विद्युत विभाग के अधिकारियों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और क्षेत्रवासियों की मौजूदगी में कार्य की शुरुआत कराई।

 

विधायक शिव अरोरा ने बताया कि इस परियोजना से मटकोटा बिजलीघर के अंतर्गत आने वाले ट्रांजिट कैंप, शिवनगर, आवास विकास, जगतपुरा, मुखर्जी नगर समेत अन्य क्षेत्रों के लोगों को लाभ मिलेगा। इन क्षेत्रों में पुरानी और कम क्षमता वाली विद्युत लाइनों के कारण लंबे समय से बिजली संबंधी समस्याएं सामने आ रही थीं। इन्हें देखते हुए कवर कंडक्टर इंसुलेटेड वायर लगाने का प्रस्ताव रखा गया था।

 

उन्होंने बताया कि विद्युत विभाग ने आवास विकास से कार्य शुरू कर दिया है। अगले 15 से 20 दिनों के भीतर बिजलीघर के अंतर्गत आने वाले सभी संबंधित क्षेत्रों में तार बदलने का कार्य पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

 

विधायक ने कहा कि कवर कंडक्टर वायर सामान्य विद्युत तारों की अपेक्षा अधिक सुरक्षित और टिकाऊ होती है। इससे तारों के आपस में टकराने से होने वाली स्पार्किंग, आग लगने की घटनाओं और बार-बार विद्युत फॉल्ट की समस्या में कमी आएगी। साथ ही बार-बार शटडाउन लेने की आवश्यकता भी कम होगी, जिससे क्षेत्रवासियों को बेहतर और निर्बाध विद्युत आपूर्ति मिल सकेगी।

 

उन्होंने कहा कि जनता की सुविधा और सुरक्षा उनकी प्राथमिकता है। क्षेत्र में बिजली व्यवस्था को मजबूत बनाने और लोगों को विद्युत संबंधी समस्याओं से राहत दिलाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

 

इस अवसर पर विद्युत विभाग के एसडीओ अन्नू अरोरा, जेई कुलदीप कुमार, पार्षद राजेश जग्गा, राधेश शर्मा, नामित पार्षद नरेश उप्रेती, राजेश कामरा, राजीव कामरा, नितेश गुप्ता सहित विद्युत विभाग के अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि और क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

 

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement