### *पीएम मोदी से मिले सीएम धामी, उत्तराखंड के पारंपरिक उत्पाद और कुंभ-2027 की प्रतीक मां गंगा की प्रतिकृति भेंट की*
*आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में प्रधानमंत्री का नेतृत्व अहम : धामी*
देहरादून/नई दिल्ली। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर उनका मार्गदर्शन प्राप्त किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को देवभूमि उत्तराखंड की समृद्ध लोककला, संस्कृति, परंपराओं और स्थानीय उत्पादों से परिचित कराते हुए प्रदेश के विशिष्ट पारंपरिक उत्पाद भेंट किए। मुख्यमंत्री ने हरिद्वार में आयोजित होने वाले कुंभ-2027 की भव्यता और आध्यात्मिक महत्ता को दर्शाती मां गंगा की प्रतिकृति भी प्रधानमंत्री को भेंट की।
मुख्यमंत्री धामी ने प्रधानमंत्री को सीमांत क्षेत्र मलारी की पारंपरिक हस्तनिर्मित कोट की पट्टी, दोरखा (ऊनी वस्त्र), उत्तराखंड का शुद्ध शहद, बद्री घी, हर्षिल का राजमा और लाल चावल भेंट किए। इन उत्पादों के माध्यम से उन्होंने प्रदेश की हस्तशिल्प परंपरा, पहाड़ी खानपान, कृषि उत्पादों और ग्रामीण आजीविका की विशिष्ट पहचान को सामने रखा।
प्रधानमंत्री से मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि शक्तिशाली, सामर्थ्यवान और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नेतृत्व महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति और दूरदर्शी नेतृत्व से देश के विकास तथा सुशासन को नई दिशा प्रदान की है। उनके मार्गदर्शन में युवाशक्ति, मातृशक्ति और वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण के लिए अनेक महत्वपूर्ण प्रयास किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश विकास और सुशासन के नए प्रतिमान स्थापित कर रहा है।
मुख्यमंत्री की ओर से मां गंगा की प्रतिकृति भेंट किए जाने के माध्यम से हरिद्वार में प्रस्तावित कुंभ-2027 की धार्मिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक महत्ता को भी रेखांकित किया गया। उत्तराखंड की पहचान से जुड़े इस प्रमुख आयोजन को लेकर प्रदेश में तैयारियां जारी हैं।
मुख्यमंत्री ने स्थानीय उत्पादों को प्रधानमंत्री के समक्ष प्रस्तुत कर प्रदेश के किसानों, कारीगरों और उत्पादकों की संभावनाओं को भी उजागर किया। हर्षिल का राजमा, लाल चावल, बद्री घी और शुद्ध शहद जैसे उत्पाद प्रदेश की विशिष्ट भौगोलिक परिस्थितियों और पारंपरिक उत्पादन पद्धतियों की पहचान हैं। वहीं, मलारी की हस्तनिर्मित कोट की पट्टी और दोरखा जैसे ऊनी वस्त्र उत्तराखंड की समृद्ध हस्तशिल्प एवं बुनकर परंपरा को दर्शाते हैं। इन उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार में बेहतर पहचान मिलने से स्थानीय कारीगरों, किसानों और उत्पादकों के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होने की संभावनाएं हैं।



