*बंगाली समाज की मांगों को लेकर विधायक आवास का घेराव, शिव अरोरा ने दिया बंग भवन निर्माण का भरोसा* *आचार संहिता से पहले बंग भवन का भूमि पूजन कराने का वादा, भाषा और छात्रवृत्ति की मांगों पर भी बताई प्रगति*

### *बंगाली समाज की मांगों को लेकर विधायक आवास का घेराव, शिव अरोरा ने दिया बंग भवन निर्माण का भरोसा*

 

*आचार संहिता से पहले बंग भवन का भूमि पूजन कराने का वादा, भाषा और छात्रवृत्ति की मांगों पर भी बताई प्रगति*

 

रुद्रपुर। बंगाली समाज की विभिन्न मांगों को लेकर बंगाली कल्याण समिति के बैनर तले समाज के प्रतिनिधियों ने विधायक शिव अरोरा के आवास पर पहुंचकर घेराव किया और धरना दिया। प्रदर्शन के दौरान प्रतिनिधियों ने समाज की लंबित मांगों को प्रमुखता से उठाया। सूचना मिलने पर विधायक शिव अरोरा स्वयं धरनास्थल पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों के बीच बैठकर उनकी मांगों को सुना। उन्होंने पूर्व में हुई वार्ता तथा मांगों के समाधान को लेकर सरकार स्तर पर चल रही कार्यवाही की जानकारी भी साझा की।

 

विधायक शिव अरोरा ने बताया कि करीब डेढ़ माह पूर्व बंगाली कल्याण समिति के प्रतिनिधि रुद्रपुर बस स्टैंड के समीप रामलीला मैदान में मांगों को लेकर धरने पर बैठे थे। उस समय भी वह धरनास्थल पर पहुंचकर समाज की मांगों के समर्थन में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से वार्ता करने का आश्वासन दे चुके थे। अब प्रतिनिधियों ने उनके आवास पर पहुंचकर उन्हीं मांगों को दोबारा उठाया है, जिसके संबंध में उन्होंने सरकार स्तर पर हुई प्रगति से अवगत कराया।

 

विधायक ने बताया कि बंगाली समाज की प्रमुख मांग रुद्रपुर में बंग भवन का निर्माण है। इस संबंध में उन्होंने हाल ही में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात की थी। मुख्यमंत्री ने सचिव आवास को निर्देश दिए थे कि आगामी कैबिनेट में बंग भवन के लिए भूमि हस्तांतरण का प्रस्ताव रखा जाए। उन्होंने बताया कि सचिव आवास आर. राजेश की ओर से भी प्रक्रिया आगे बढ़ाते हुए प्रस्ताव न्याय विभाग को भेजा गया है।

 

विधायक शिव अरोरा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सहयोग से वह बंग भवन के लिए भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया पूरी करवाने के साथ ही आचार संहिता लागू होने से पहले टेंडर जारी कराने और भूमि पूजन करवाने का प्रयास करेंगे। उन्होंने इसे बंगाली समाज से किया गया अपना वचन बताते हुए पूरा करने की प्रतिबद्धता जताई।

 

उन्होंने बताया कि बंगाली बहुल क्षेत्रों के इंटर कॉलेजों में बंगाली भाषा की पढ़ाई शुरू कराने की मांग भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखी गई है। मुख्यमंत्री ने सचिव शिक्षा को निर्देशित किया है कि बंगाली समाज की बड़ी आबादी वाले क्षेत्रों में बंगाली भाषा के शिक्षकों के पद सृजित करने की दिशा में आवश्यक कार्यवाही की जाए, जिससे सरकारी विद्यालयों में विद्यार्थियों को बंगाली भाषा पढ़ने का अवसर मिल सके।

 

बंगाली समाज के बच्चों को छात्रवृत्ति उपलब्ध कराने की मांग पर विधायक ने बताया कि इस विषय को भी मुख्यमंत्री के संज्ञान में लाया गया है और प्रक्रिया आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि हरिचांद-गुरुचांद स्मृति छात्रवृत्ति कोष की राशि 10 करोड़ रुपये तक करवाने का प्रयास किया गया है, जिसका लाभ इसी शैक्षणिक सत्र से विद्यार्थियों को मिलना शुरू होगा।

 

विधायक ने कहा कि बंगाली समाज की मांगों को लेकर उनका रुख शुरू से सकारात्मक रहा है। समाज की भावनाओं और समस्याओं को मुख्यमंत्री तक पहुंचाया गया है तथा संबंधित विभागों में कार्यवाही जारी है। बंग भवन निर्माण सहित अन्य मांगों के समाधान को लेकर वह लगातार प्रयासरत हैं।

 

इस दौरान बंगाली कल्याण समिति के अध्यक्ष दिलीप अधिकारी, संजय आइस, अर्जुन विश्वास, कार्तिक, मानस बैरागी सहित बंगाली समाज के अनेक प्रतिनिधि मौजूद रहे।

 

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement