*ऑडियो प्रकरण की जांच तेज करने की मांग लेकर एसएसपी से मिलीं मीना शर्मा, महिलाओं के साथ पहुंचीं* *वॉइस सैंपलिंग से बचने के आरोप पर ठुकराल को कोर्ट में उपस्थित होकर जांच में सहयोग करने की चुनौती*

### *ऑडियो प्रकरण की जांच तेज करने की मांग लेकर एसएसपी से मिलीं मीना शर्मा, महिलाओं के साथ पहुंचीं*

 

*वॉइस सैंपलिंग से बचने के आरोप पर ठुकराल को कोर्ट में उपस्थित होकर जांच में सहयोग करने की चुनौती*

 

रुद्रपुर। भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य एवं रुद्रपुर नगर पालिका परिषद की पूर्व अध्यक्ष मीना शर्मा ने जनपद के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति से उनके रामपुर रोड स्थित कैंप कार्यालय में मुलाकात कर कथित ऑडियो प्रकरण की जांच तेजी से आगे बढ़ाने की मांग की। इस दौरान उन्होंने पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल पर महिलाओं के प्रति अमर्यादित भाषा का प्रयोग करने और उनके खिलाफ भी आपत्तिजनक टिप्पणी करने का आरोप लगाया।

 

मीना शर्मा ने एसएसपी को बताया कि पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल महिलाओं के प्रति अपमानजनक एवं अमर्यादित भाषा का प्रयोग करते रहे हैं। उनके अनुसार, ऐसे एक-दो नहीं, बल्कि कई मामले सामने आए हैं, जिनमें महिलाओं के प्रति अनुचित टिप्पणियां की गईं। उन्होंने आरोप लगाया कि ठुकराल ने उनके खिलाफ भी आपत्तिजनक टिप्पणी कर उनकी प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाई है।

 

उन्होंने कहा कि करीब तीन वर्ष पूर्व वायरल हुए ऑडियो को ठुकराल एआई से तैयार बताते हुए खुद को निर्दोष बताते रहे हैं। अब कोर्ट की ओर से वॉइस सैंपलिंग के लिए नोटिस भेजे जाने के बाद उनके जांच से बचने का प्रयास करने का आरोप लगाया। मीना शर्मा ने सवाल उठाया कि यदि पूर्व विधायक निर्दोष हैं तो उन्हें जांच से बचने के बजाय न्यायालय में उपस्थित होकर सहयोग करना चाहिए। उन्होंने ठुकराल से जांच में शामिल होकर मामले की सच्चाई सामने लाने की चुनौती भी दी।

 

इस दौरान एसएसपी अजय गणपति ने मीना शर्मा को आश्वस्त किया कि वह मामले की गंभीरता को समझते हुए आवश्यक कार्रवाई करेंगे।

 

मुलाकात के दौरान सरोज रानी, श्वेता शर्मा, मंजू जैन, पूनम गुप्ता, यादो देवी कोली, भूरी देवी कोली, इंद्रावती, सुनीता सैनी, बबिता मौर्य, किरण चौधरी, कमला, लक्ष्मी, सुमन सहित बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।

 

 

 

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement