*रैपिडो जैसी सेवाओं से युवाओं के लिए खुलेंगे रोजगार के नए अवसर: विकास शर्मा*
– *महापौर ने टॉप-10 राइडर्स को ट्रॉफी देकर किया सम्मानित*
– *बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना*
रुद्रपुर। शहर में बढ़ती परिवहन जरूरतों को देखते हुए रैपिडो जैसी डिजिटल सेवाएं आमजन को सुविधाजनक आवागमन उपलब्ध कराने के साथ ही युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर भी पैदा कर सकती हैं। शहर के विकास के साथ स्थानीय युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में ऐसे प्लेटफॉर्म महत्वपूर्ण साबित होंगे। यह बात महापौर विकास शर्मा ने रैपिडो कंपनी की ओर से आयोजित कार्यक्रम में कही।
कार्यक्रम में महापौर ने कंपनी के अधिकारियों और राइडर्स से संवाद किया। उन्होंने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले टॉप-10 राइडर्स को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। साथ ही उनकी मेहनत और बेहतर सेवाओं की सराहना करते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इसके बाद महापौर ने बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
महापौर ने कहा कि रुद्रपुर औद्योगिक और व्यावसायिक गतिविधियों के चलते तेजी से विस्तार कर रहा है। शहर का दायरा बढ़ने के साथ ही लोगों की आवागमन संबंधी जरूरतें भी बढ़ रही हैं। ऐसे में रैपिडो जैसी सेवाएं नागरिकों को कम समय में गंतव्य तक पहुंचने का सुविधाजनक विकल्प उपलब्ध करा सकती हैं। वहीं, युवाओं को अपनी मेहनत और कार्यक्षमता के आधार पर आय अर्जित करने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने कहा कि डिजिटल प्लेटफॉर्म आज युवाओं के लिए स्वरोजगार का बेहतर माध्यम बन रहे हैं। रुद्रपुर को आधुनिक और व्यवस्थित शहर बनाने के लिए आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के साथ रोजगार के नए अवसर विकसित करना भी जरूरी है। महापौर ने रैपिडो की टीम को शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि कंपनी की सेवाएं शहरवासियों के लिए उपयोगी साबित होंगी और युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने में योगदान देंगी।
इस दौरान भाजपा किसान मोर्चा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अनिल चौहान, वरिष्ठ भाजपा नेता भारत भूषण चुघ, रैपिडो के क्लस्टर मैनेजर वीरेंद्र सिंह रावत, एसोसिएट मैनेजर हरि शंकर, टीम लीडर अर्चित त्यागी सहित कंपनी के अधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।



