*बदरीनाथ धाम से कांग्रेस की प्रदेशव्यापी न्याय यात्रा शुरू, अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की मांग* *महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और कानून व्यवस्था के मुद्दों पर सरकार को घेरा, देहरादून में निकाली यात्रा*

*बदरीनाथ धाम से कांग्रेस की प्रदेशव्यापी न्याय यात्रा शुरू, अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की मांग*

 

*महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और कानून व्यवस्था के मुद्दों पर सरकार को घेरा, देहरादून में निकाली यात्रा*

 

देहरादून। उत्तराखंड में राजनीतिक दलों की सक्रियता के बीच मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने भी जनहित के मुद्दों को लेकर प्रदेशव्यापी अभियान शुरू कर दिया है। बदरीनाथ धाम से प्रदेशव्यापी न्याय यात्रा का शुभारंभ किया गया है। प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में निकाली जा रही इस यात्रा के माध्यम से कांग्रेस जनता के अधिकारों, सामाजिक न्याय और जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाने की तैयारी में है।

 

कांग्रेस ने अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने, बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और प्रदेश की कानून व्यवस्था जैसे मुद्दों को यात्रा का प्रमुख आधार बनाया है। पार्टी का कहना है कि यह अभियान केवल राजनीतिक गतिविधि तक सीमित नहीं है, बल्कि आम जनता के हक और अधिकारों की आवाज बुलंद करने का प्रयास है।

 

इसी क्रम में चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने देहरादून के टपकेश्वर महादेव मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर यात्रा का स्थानीय स्तर पर शुभारंभ किया। उन्होंने प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और जनता को न्याय मिलने की कामना की। इसके बाद कांग्रेस भवन से निकली यात्रा राजपुर और मसूरी विधानसभा क्षेत्रों से होकर आगे बढ़ी। कांग्रेस की ओर से आने वाले दिनों में सहसपुर, विकासनगर, चकराता, धर्मपुर, कैंट और ऋषिकेश सहित अन्य विधानसभा क्षेत्रों में भी ऐसी यात्राएं निकालने की योजना है।

 

देहरादून में आयोजित यात्रा में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत समेत पार्टी के वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यकर्ताओं ने हाथों में अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने और महंगाई पर नियंत्रण की मांग वाले पोस्टर लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। पोस्टरों पर प्रमुख मुद्दों के साथ स्थानीय नेताओं की तस्वीरें भी नजर आईं।

 

यात्रा के दौरान राजधानी की सड़कों पर काफी भीड़ रही। कांग्रेस कार्यालय के सामने से शुरू हुई यात्रा के चलते करीब एक किलोमीटर लंबा जाम लग गया, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। यात्रा पलटन बाजार से होते हुए घंटाघर चौक पहुंची। यहां कांग्रेस नेताओं ने पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी की प्रतिमा के नीचे अंकिता भंडारी की तस्वीर रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की और माल्यार्पण किया।

 

इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने अंकिता भंडारी प्रकरण को लेकर सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अंकिता ने उत्तराखंड के सम्मान की रक्षा के लिए गलत के खिलाफ आवाज उठाई। रावत ने कहा कि कांग्रेस इस मामले में पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए संघर्ष जारी रखेगी। उन्होंने कहा कि अपराधी कहीं भी छिपे हों, उन्हें सामने लाने और न्याय सुनिश्चित करने की मांग पार्टी उठाती रहेगी।

 

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि न्याय यात्रा के माध्यम से प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर जनता की समस्याओं और अपेक्षाओं को सुना जाएगा। पार्टी ने स्पष्ट किया कि आगामी दिनों में इस अभियान को प्रदेश के अन्य हिस्सों तक पहुंचाकर जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा।

 

Advertisement
Advertisement
Advertisement