*रामपाल ने खटीमा में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ की परिचय बैठक*
*आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर चर्चा, बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने पर दिया जोर*
खटीमा। दर्जा राज्य मंत्री एवं खटीमा विधानसभा प्रभारी रामपाल ने गुरुवार को खटीमा पहुंचकर भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ परिचय बैठक की। इस दौरान विधानसभा विस्तारक की मौजूदगी में संगठनात्मक गतिविधियों, आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों और पार्टी की भावी रणनीति पर चर्चा की गई।
बैठक में रामपाल ने कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय और एकजुटता के साथ संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाना प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है। आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर उन्होंने बूथ स्तर पर संगठन को सशक्त बनाने और जनसंपर्क गतिविधियों में तेजी लाने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत, संगठन में एकजुटता और जनता के साथ निरंतर संवाद किसी भी संगठन की महत्वपूर्ण ताकत है। बैठक में मौजूद कार्यकर्ताओं ने संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर दर्जा राज्य मंत्री मोहनी पोखरिया, नगर पालिका अध्यक्ष रामू जोशी, जिला उपाध्यक्ष एवं विधानसभा पालक अमित पांडेय, युवा मोर्चा जिला महामंत्री शशांक वर्मा, जीवन धामी, भुवन चंद भट्ट, प्रमोद गढ़कोटी, हेमा जोशी, प्रकाश शर्मा, नवल वाल्मीकि सहित भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।


