*राजनीतिक विरोध मुद्दों पर हो, दिवंगत परिजनों और आस्था पर नहीं: चंडोक*
*श्राद्ध पर टिप्पणी को लेकर कांग्रेस पर बरसे भाजपा प्रदेश प्रवक्ता*
रुद्रपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के स्वर्गीय पिता के श्राद्ध को लेकर की गई कथित टिप्पणी और मोहम्मद दीपक की गिरफ्तारी के मामले को लेकर भाजपा ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। रविवार को भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में प्रदेश प्रवक्ता गुरविंदर सिंह चंडोक ने कहा कि राजनीतिक विरोध अपनी जगह है, लेकिन दिवंगत परिजनों और धार्मिक आस्थाओं को राजनीतिक विवाद का विषय बनाना उचित नहीं है।
चंडोक ने कहा कि श्राद्ध सनातन परंपरा में दिवंगत पूर्वजों के प्रति श्रद्धा, स्मरण और तर्पण का पवित्र संस्कार है। ऐसे धार्मिक संस्कार को लेकर टिप्पणी करना केवल राजनीतिक मर्यादा का विषय नहीं, बल्कि लोगों की धार्मिक भावनाओं और सामाजिक संवेदनशीलता से भी जुड़ा मामला है। उन्होंने कांग्रेस से सवाल किया कि राजनीतिक विरोध के नाम पर परिवार और सनातन परंपराओं को निशाना बनाने की आवश्यकता क्यों पड़ रही है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस लगातार ‘मोहब्बत की दुकान’ की बात करती है, लेकिन राजनीतिक विरोधियों के परिवार और परिजनों को लेकर की जाने वाली टिप्पणियां उसके दावों पर सवाल खड़े करती हैं। चंडोक ने कहा कि राजनीतिक असहमति को व्यक्तिगत कटुता में बदलने के बजाय मुद्दों और नीतियों पर बहस होनी चाहिए।
मोहम्मद दीपक की गिरफ्तारी पर भी उठाए सवाल
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता ने मोहम्मद दीपक की गिरफ्तारी का मामला भी उठाया। उन्होंने कहा कि व्यापारी से मारपीट, गाली-गलौज और धमकी के आरोपों में पुलिस ने कार्रवाई की है। चंडोक ने सवाल किया कि ऐसे मामले में कांग्रेस की ओर से पीड़ित व्यापारी से मुलाकात कर उसका पक्ष जानने के बजाय मोहम्मद दीपक के पक्ष में राजनीतिक सक्रियता क्यों दिखाई गई।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस को स्पष्ट करना चाहिए कि क्या कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों में राजनीतिक संबंधों के आधार पर अलग-अलग रवैया अपनाया जा रहा है। यदि कांग्रेस नेता मोहम्मद दीपक से मुलाकात कर सकते हैं तो कथित रूप से प्रभावित व्यापारी से मिलने के लिए भी उन्हें आगे आना चाहिए था।
चंडोक ने कांग्रेस से यह भी पूछा कि वह ‘गुंडा’ और ‘गुंडागर्दी’ की परिभाषा किस आधार पर तय करती है। उन्होंने वर्ष 2017 में कांग्रेस के एक नेता द्वारा तत्कालीन सेना प्रमुख जनरल बिपिन रावत को लेकर की गई कथित टिप्पणी का उल्लेख करते हुए कहा कि सार्वजनिक जीवन में सभी राजनीतिक दलों को भाषा की मर्यादा का ध्यान रखना चाहिए।
उन्होंने राहुल गांधी द्वारा राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल को लेकर की गई टिप्पणी और मोहम्मद दीपक के साथ उनकी सार्वजनिक निकटता का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इन मामलों को लेकर कांग्रेस को अपना पक्ष स्पष्ट करना चाहिए।
चंडोक ने कहा कि भाजपा की राजनीति ‘सेवा, सुशासन और संस्कार’ के मूल भाव पर आधारित है। राजनीतिक संघर्ष मुद्दों और नीतियों पर होना चाहिए, व्यक्तिगत हमलों पर नहीं। लोकतांत्रिक बहस तथ्यों और मर्यादा के साथ आगे बढ़नी चाहिए। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की सामाजिक परंपरा राजनीतिक मतभेदों के बावजूद आपसी सम्मान और मर्यादा बनाए रखने की रही है।
पत्रकार वार्ता में जिला महामंत्री तरुण दत्ता, जिला मीडिया संयोजक विजय तोमर, जिला मंत्री प्रमोद मित्तल, कार्यालय प्रभारी मोर सिंह और सह प्रभारी सुरेंद्र चौधरी मौजूद रहे।


