*व्हाट्सएप ग्रुप में अब जुड़ सकेंगे 1500 सदस्य, बढ़ाई गई क्षमता*
*पहले 1024 सदस्यों तक सीमित थी संख्या, एंड्रॉयड और आईफोन यूजर्स को मिलेगा नया फीचर*
नई दिल्ली। व्हाट्सएप ने अपने ग्रुप फीचर में बड़ा बदलाव करते हुए सदस्यों को जोड़ने की अधिकतम सीमा 1024 से बढ़ाकर 1500 कर दी है। इस बदलाव के बाद अब एक व्हाट्सएप ग्रुप में एक साथ 1500 सदस्य जुड़ सकेंगे। कंपनी का यह नया फीचर एंड्रॉयड और आईफोन दोनों यूजर्स के लिए जारी किया जा रहा है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, नई सीमा सामान्य व्हाट्सएप ग्रुप के साथ ही कम्युनिटी के अंतर्गत संचालित होने वाले ग्रुप पर भी लागू होगी। खास बात यह है कि इस सुविधा का लाभ लेने के लिए ग्रुप एडमिन को किसी तरह की अतिरिक्त सेटिंग करने की जरूरत नहीं होगी। अपडेट उपलब्ध होते ही मौजूदा ग्रुप की सदस्य संख्या की सीमा भी स्वतः बढ़कर 1500 हो जाएगी।
इस बदलाव से सामाजिक संगठनों, व्यापारिक संस्थाओं, स्कूलों, आवासीय कॉलोनियों और बड़े परिवारों के ग्रुप संचालित करने वालों को राहत मिलेगी। अब अधिक लोगों को एक ही ग्रुप से जोड़ना संभव होगा, जिससे सदस्यों के बीच सूचनाओं और संदेशों का आदान-प्रदान आसान हो सकेगा।
फिलहाल कंपनी की ओर से यह अपडेट चरणबद्ध तरीके से जारी किया जा रहा है। ऐसे में सभी यूजर्स को यह सुविधा एक साथ नहीं मिलेगी। आने वाले दिनों में इसे अन्य यूजर्स तक भी पहुंचाया जाएगा।



