### *पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर एंबुलेंस-खड़ी पिकअप में टक्कर, पांच लोगों की मौत*
*दो चालकों समेत पांच की गई जान, जयपुर से पश्चिम बंगाल ले जाया जा रहा था शव*
बाराबंकी। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर शनिवार सुबह भीषण सड़क हादसे में एंबुलेंस सवार पांच लोगों की मौत हो गई। शव लेकर जयपुर से पश्चिम बंगाल जा रही एंबुलेंस सड़क किनारे खड़ी पिकअप से पीछे से टकरा गई। हादसे में एंबुलेंस के दो चालक समेत पांच लोगों की जान चली गई।
हादसा शनिवार सुबह करीब 6:30 बजे सुबेहा थाना क्षेत्र के गेरावां गांव के पास पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के 53.3वें किलोमीटर पर हुआ। बताया गया कि एंबुलेंस में अजीजुल हक का शव रखा था, जिसे जयपुर से पश्चिम बंगाल ले जाया जा रहा था। एंबुलेंस में शव के साथ परिवार के सदस्य और चालक भी सवार थे। इसी दौरान एंबुलेंस सड़क किनारे खड़ी पिकअप में पीछे से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एंबुलेंस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग फंस गए।
एक राहगीर ने हादसे की सूचना डायल 112 पर दी। सूचना मिलते ही पुलिस और एक्सप्रेसवे सुरक्षा टीम मौके पर पहुंची। राहत एवं बचाव कार्य के बाद एंबुलेंस में फंसे लोगों को बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हैदरगढ़ पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने पांचों को मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान
मृतकों में अमिनूर हक (40) पुत्र अब्दुल हुसैन, निवासी मध्य बाला भूत, कोच बिहार, पश्चिम बंगाल; हरिओम (33) पुत्र जयसिंह, निवासी पीपल खेर, अलवर, राजस्थान; रुपिक (50) पुत्र अब्दुल रहमान, निवासी मुल्लि बाला भूत, पश्चिम बंगाल; मकबूल खान (62) पुत्र शुभान, निवासी कच्ची बस्ती, जवाहर नगर, जयपुर, राजस्थान और एंबुलेंस चालक आलम, निवासी सुल्तानगंज, कोच बिहार, पश्चिम बंगाल शामिल हैं।
पुलिस ने पांचों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है। प्रभारी पुलिस अधीक्षक विवेक तिवारी और सीओ हैदरगढ़ समीर सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में चालक को नींद की झपकी आने और तेज रफ्तार को हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।



