*प्रदेश सरकार पर विधायक बेहड़ का तीखा हमला, किसान खाद के लिए भटक रहे, गरीबों पर बढ़ रहा बिजली बिल का बोझ* *97 लाख रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण व शिलान्यास, स्मार्ट मीटर, खाद संकट और भ्रष्टाचार को लेकर सरकार पर साधा निशाना*

### *प्रदेश सरकार पर विधायक बेहड़ का तीखा हमला, किसान खाद के लिए भटक रहे, गरीबों पर बढ़ रहा बिजली बिल का बोझ*

 

*97 लाख रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण व शिलान्यास, स्मार्ट मीटर, खाद संकट और भ्रष्टाचार को लेकर सरकार पर साधा निशाना*

 

किच्छा, 21 नवंबर। ग्रामीण जनसंवाद कार्यक्रम के पांचवें दिन विधायक तिलक राज बेहड़ ने विभिन्न गांवों का भ्रमण कर ग्रामीणों से संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने करीब 97 लाख रुपये की लागत के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। कार्यक्रम के दौरान विधायक ने प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए खाद संकट, स्मार्ट मीटर से बढ़ते बिजली बिल और भ्रष्टाचार को लेकर गंभीर आरोप लगाए।

 

विधायक बेहड़ ने गिधपुरी, वीरू नगला, छिनकी, सैंजना, कुरैया और चकोनी सहित विभिन्न गांवों में पहुंचकर ग्रामीणों से मुलाकात की। ग्राम वीरू नगला में करीब 80 लाख रुपये की लागत से 1500 मीटर लंबी सड़क निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। इसके अलावा वीरू नगला में 4.98 लाख रुपये की लागत से सीसी सड़क, छिनकी में पांच लाख रुपये से पुलिया निर्माण, कुरैया में 1.68 लाख रुपये की लागत से इंटरलॉकिंग सड़क तथा चकोनी में शिव मंदिर के समीप पांच लाख रुपये की लागत से पैरापिट वॉल निर्माण कार्य का लोकार्पण किया।

 

जनसंवाद के दौरान विधायक बेहड़ ने कहा कि गिधपुरी और आसपास के गांवों से उनका वर्षों पुराना जुड़ाव है। वह सुख-दुख सहित हर परिस्थिति में ग्रामीणों के साथ खड़े रहे हैं और जनता ने भी हमेशा उन्हें अपना समर्थन दिया है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में छोटे रास्तों और सड़कों के साथ बड़े विकास कार्य भी कराए जा रहे हैं। दरऊ मुख्य मार्ग पर हॉटमिक्स सड़क का कार्य शुरू कराया गया है और भविष्य में सड़क चौड़ीकरण के लिए भी प्रयास किए जाएंगे।

 

उन्होंने बताया कि किच्छा में जीजीआईसी के लिए करीब छह करोड़ रुपये की लागत से नए भवन को स्वीकृति दिलाई गई है, जिससे छात्राओं को इंटरमीडिएट तक शिक्षा की बेहतर सुविधा मिलेगी। वहीं, किच्छा में पांच करोड़ रुपये की लागत से कम्युनिटी हॉल का निर्माण कराया जा रहा है। इसके लिए अतिरिक्त पांच करोड़ रुपये की धनराशि उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। क्षेत्र में अस्पताल निर्माण का कार्य भी कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिला पंचायत के साथ समन्वय बनाकर विकास कार्यों का वितरण किया गया है, ताकि सभी गांवों को समान रूप से विकास का लाभ मिल सके।

 

प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए बेहड़ ने कहा कि प्रदेश में लूटपाट और भ्रष्टाचार का माहौल है। किसान बुवाई के समय खाद के लिए परेशान हैं। खाद की उपलब्धता नहीं होने पर किसान अपनी फसल कैसे बोएंगे। सरकार किसानों की आय दोगुनी करने का दावा करती है, लेकिन धरातल पर स्थिति इसके विपरीत है।

 

उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की शिकायत है कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद बिजली बिल बढ़ गए हैं। सरकार के इस फैसले से गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। उन्होंने स्मार्ट मीटर व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि जनता को राहत देने के बजाय उन पर आर्थिक दबाव बढ़ाया जा रहा है।

 

विधायक बेहड़ ने चुनाव के दौरान पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में उनके साथ हुई मारपीट की घटना का भी जिक्र किया। उन्होंने कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि मामले में उचित कार्रवाई करने के बजाय मामूली धाराओं में कार्रवाई कर आरोपी को छोड़ दिया गया। उन्होंने कहा कि जब जनप्रतिनिधि पुलिस की मौजूदगी में सुरक्षित नहीं हैं तो आम जनता की सुरक्षा की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है।

 

कार्यक्रम में किच्छा नगर पालिका अध्यक्ष राजेश प्रताप सिंह, सरवर यार खां, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष गुलशन सिंधी, जिला पंचायत सदस्य गुरदास कालड़ा, सर्वेश सिंह, मेजर सिंह, दलजीत खुराना, विजय यादव, धर्मेंद्र सिंधी, सुखदेव सिंह, हरीश खान्वानी, राजेंद्र प्रधान, भानु, तौकीर, अजीम, मुक्त्यार अहमद, किशनलाल, किशन मखीजा, कन्हैया लाल, परमजीत सिंह, शुभम सुखीजा, जाकिर अली, अशोक बागवानी, सुखविंदर सिंह, हरविंद्र सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं ग्रामीण मौजूद रहे।

 

 

 

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement