*बोले सो निहाल के जयघोष से गूंजा रुद्रपुर, धूमधाम से निकला भव्य नगर कीर्तन* *हजारों संगत ने लिया हिस्सा, स्कूली बच्चों के पीटी शो, झांकियों और गतका प्रदर्शन ने मोहा मन*

### *बोले सो निहाल के जयघोष से गूंजा रुद्रपुर, धूमधाम से निकला भव्य नगर कीर्तन*

 

*हजारों संगत ने लिया हिस्सा, स्कूली बच्चों के पीटी शो, झांकियों और गतका प्रदर्शन ने मोहा मन*

 

रुद्रपुर। श्री गुरु नानक देव जी महाराज के प्रकाशोत्सव के उपलक्ष्य में रविवार को नगर में भव्य नगर कीर्तन निकाला गया। नगर एवं आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं ने नगर कीर्तन में शामिल होकर श्रद्धा और उत्साह के साथ गुरु महाराज के प्रति अपनी आस्था प्रकट की। नगर कीर्तन के दौरान धार्मिक जयघोष, शबद कीर्तन और भव्य सजावट से पूरा शहर गुरुमय हो गया।

 

नगर कीर्तन का शुभारंभ श्री गुरु नानक हायर सेकेंडरी स्कूल से अरदास के बाद हुआ। सबसे आगे पारंपरिक वेशभूषा में श्रद्धालु श्री निशान साहिब लेकर चल रहे थे, जबकि उनके पीछे पंच प्यारे शोभायमान थे। इसके बाद सुसज्जित वाहन में श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी का स्वरूप विराजमान था। वाहन के आगे श्रद्धालु सड़क पर पानी का छिड़काव करते हुए झाड़ू लगाकर मार्ग को स्वच्छ करते चल रहे थे।

 

नगर कीर्तन में विभिन्न विद्यालयों के हजारों बच्चों ने रंग-बिरंगी वेशभूषा और स्कूल ड्रेस में पीटी शो प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोह लिया। कई विद्यालयों और आवासीय क्षेत्रों की आकर्षक झांकियां भी नगर कीर्तन का हिस्सा बनीं। बैंड की धार्मिक धुनों और ‘बोले सो निहाल, सत श्री अकाल’ के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा। गतका पार्टी के सदस्यों ने पारंपरिक करतबों का प्रदर्शन कर लोगों को रोमांचित किया।

 

नगर कीर्तन श्री गुरु नानक हायर सेकेंडरी स्कूल से प्रारंभ होकर आदर्श कॉलोनी रोड, काशीपुर बाईपास रोड, अग्रवाल धर्मशाला रोड, भगत सिंह चौक, गल्ला मंडी, काशीपुर रोड, इंदिरा चौक, नगर निगम, रोडवेज, डीडी चौक, अग्रसेन चौक, महाराजा रणजीत सिंह पार्क और मुख्य बाजार होते हुए गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा, गोल मार्केट में संपन्न हुआ।

 

यात्रा मार्ग को तोरण द्वार और रंग-बिरंगी झालरों से सजाया गया था। मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर नगर कीर्तन का स्वागत किया तथा संगत को फल, पानी, हलवा, चना और बिस्कुट आदि प्रसाद वितरित किया। महिला और पुरुषों के अलग-अलग जत्थे शबद कीर्तन करते हुए चल रहे थे। हजारों श्रद्धालुओं ने श्री गुरु ग्रंथ साहिब के समक्ष शीश नवाकर प्रसाद ग्रहण किया।

 

नगर कीर्तन में विधायक शिव अरोरा, महापौर विकास शर्मा, सुरेश कोली, राजकुमार ठुकराल, प्रमोद मित्तल, गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान जोगेंद्र सिंह, मीत प्रधान गुरमीत सिंह बठला, जनरल सेक्रेटरी रक्षपाल सिंह, मीत सेक्रेटरी हरजीत सिंह विरदी, खजांची अजमेर सिंह, जसपाल सिंह भट्टी, मनजीत सिंह मक्कड़, बलविंदर सिंह विर्क, सतनाम सिंह हुंडल, परविंदर सिंह पम्मा, सुरमुख सिंह विर्क, हरविंदर सिंह, कुलवंत सिंह, किशनपाल चौधरी, अपार सिंह बेदी, परमपाल सिंह, हरि सिंह ग्रोवर सहित अनेक गणमान्य लोग, गुरुद्वारा कमेटियों के पदाधिकारी और हजारों श्रद्धालु शामिल रहे।

 

 

 

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement