गेहूं खरीद पोर्टल की क्षमता 50 गुना बढ़ी: नामधारी अब 5 लाख कुंतल तक होगी उपज की तौल, किसानों को मिलेगा सीधा लाभ

गेहूं खरीद पोर्टल की क्षमता 50 गुना बढ़ी: नामधारी

अब 5 लाख कुंतल तक होगी उपज की तौल, किसानों को मिलेगा सीधा लाभ

रुद्रपुर। किसानों को सरकारी खरीद प्रक्रिया में आ रही तकनीकी दिक्कतों से राहत देते हुए गेहूं खरीद पोर्टल की क्षमता में बड़ा इजाफा किया गया है। उत्तराखंड किसान आयोग के उपाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह नामधारी ने बताया कि पोर्टल की क्षमता को 10 हजार कुंतल से बढ़ाकर सीधे 5 लाख कुंतल कर दिया गया है, जिससे अब अधिक से अधिक किसान अपनी उपज का पंजीकरण कर सकेंगे।

भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में नामधारी ने कहा कि पहले सीमित क्षमता के कारण तराई क्षेत्र समेत जिले के हजारों किसानों को ऑनलाइन पंजीकरण और उपज बेचने में परेशानी होती थी। कई किसानों को मजबूरी में बिचौलियों के माध्यम से कम दाम पर फसल बेचनी पड़ती थी। अब पोर्टल की क्षमता बढ़ने से किसान न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) का सीधा लाभ उठा सकेंगे।

उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार किसानों की समृद्धि के लिए प्रतिबद्ध है और रबी सीजन में गेहूं खरीद प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

उर्वरक की उपलब्धता को लेकर उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार इस मुद्दे पर गंभीर है और जल्द ही सभी किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे कृषि कार्य प्रभावित न हों।

इससे पूर्व नामधारी ने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ समीक्षा बैठक भी की, जिसमें संगठन की मजबूती और सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर चर्चा की गई।

प्रेस वार्ता में जिला महामंत्री तरुण दत्ता, किसान मोर्चा के प्रदेश मंत्री धीरेन्द्र मिश्रा, जिलाध्यक्ष राजेश बजाज, मंडल अध्यक्ष अरुण दीक्षित, जिला मंत्री मोर सिंह, जिला मीडिया संयोजक विजय तोमर सहित मुकेश पाल, मयंक तिवारी और सुनील सिंह मौजूद रहे।

Advertisement
Advertisement
Advertisement