*नितिन नबीन के रुद्रपुर आगमन को भव्य बनाने में जुटी भाजपा, पदाधिकारियों को सौंपी जिम्मेदारियां*
*10 सितंबर को प्रस्तावित सिख सम्मेलन की तैयारियों को लेकर जिला कार्यालय में हुई व्यवस्था बैठक*
रुद्रपुर। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के 10 सितंबर को प्रस्तावित रुद्रपुर दौरे और सिख सम्मेलन को लेकर पार्टी ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कार्यक्रम को भव्य और ऐतिहासिक बनाने के उद्देश्य से गुरुवार को भाजपा जिला कार्यालय में व्यवस्था बैठक आयोजित की गई। बैठक में सम्मेलन की तैयारियों, राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्वागत, कार्यकर्ताओं की भागीदारी सहित विभिन्न व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई और पदाधिकारियों को दायित्व सौंपे गए।
प्रदेश महामंत्री तरुण बंसल की अध्यक्षता में हुई बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा पर चर्चा करते हुए तैयारियों की समीक्षा की गई। बंसल ने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का रुद्रपुर आगमन संगठन और कार्यकर्ताओं के लिए महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं में कार्यक्रम को लेकर जो उत्साह है, वह आयोजन में भी दिखाई देना चाहिए। इसके लिए सभी पदाधिकारी आपसी समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें।
उन्होंने कहा कि सिख सम्मेलन में बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना है। ऐसे में कार्यक्रम स्थल से लेकर स्वागत, कार्यकर्ताओं के समन्वय और अन्य व्यवस्थाओं को समय रहते अंतिम रूप दिया जाना जरूरी है। उन्होंने पदाधिकारियों से तैयारियों में किसी भी प्रकार की कमी न रहने देने का आह्वान किया।
जिलाध्यक्ष कमल कुमार जिंदल ने कहा कि कार्यक्रम की सफलता के लिए संगठन स्तर पर व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। जिला संगठन के साथ विभिन्न मोर्चों और प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी जा रही हैं। सभी के सामूहिक प्रयास से 10 सितंबर का आयोजन भव्य रूप लेगा।
बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्वागत की तैयारियों पर भी मंथन किया गया। पदाधिकारियों ने कहा कि नितिन नबीन के रुद्रपुर आगमन से कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार होगा। सिख सम्मेलन के माध्यम से सिख समाज के साथ संवाद और संपर्क को और मजबूत करने पर भी जोर दिया गया।
इस दौरान विधायक शिव अरोड़ा और महापौर विकास शर्मा सहित वरिष्ठ पदाधिकारियों ने भी तैयारियों को लेकर सुझाव दिए। उन्होंने कहा कि आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर जिम्मेदारी निभानी होगी।
बैठक में जिलाध्यक्ष कमल कुमार जिंदल, विधायक शिव अरोड़ा, महापौर विकास शर्मा, किसान मोर्चा प्रदेश मंत्री धीरेंद्र मिश्रा, दर्जा राज्य मंत्री रामपाल सिंह, उत्तम दत्ता, अल्पसंख्यक आयोग अध्यक्ष सुरिंदर सिंह नामधारी, जिला महामंत्री तरुण दत्ता, जिला उपाध्यक्ष हिमांशु शुक्ला, जिला कोषाध्यक्ष रोशन अरोड़ा, जिला मंत्री अक्षय अरोड़ा, जिला मीडिया प्रभारी विजय तोमर, जिला सोशल मीडिया प्रभारी अक्षय गहलोत, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष विपिन सिंह, अमन विर्क सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।