*श्रीमद्भागवत कथा के श्रवण से मिलता है सद्मार्ग पर चलने का संदेश : भारत भूषण चुघ*
रुद्रपुर। श्री सनातन धर्म पांच मंदिर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के उपलक्ष्य में आयोजित श्रीमद्भागवत महापुराण कथा का विधिवत समापन हुआ। समापन अवसर पर समाजसेवी भारत भूषण चुघ ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग कर कथा का श्रवण किया।
सहारनपुर से पधारे राष्ट्रीय कथा वाचक मनोज जी महाराज ने श्रीमद्भागवत महापुराण के विभिन्न प्रसंगों का भावपूर्ण वर्णन किया। कथा प्रसंग सुनकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे और वातावरण भक्तिमय हो गया।
इस अवसर पर भारत भूषण चुघ ने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा के श्रवण से मनुष्य को सद्मार्ग पर चलने की प्रेरणा मिलती है। ऐसे धार्मिक आयोजनों से समाज में आपसी प्रेम, भाईचारा और सौहार्द की भावना मजबूत होती है। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को धर्म और अध्यात्म से जुड़कर समाज एवं राष्ट्रहित में सकारात्मक भूमिका निभानी चाहिए।
इससे पूर्व मंदिर पहुंचने पर श्री सनातन धर्म पांच मंदिर के पदाधिकारियों ने भारत भूषण चुघ का पटका पहनाकर स्वागत किया। चुघ ने सभी को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं।
इस दौरान पूज्य स्वामी नारायण चैतन्य महाराज, महंत मनीष सलूजा, महेश बब्बर, अमित अरोड़ा, नरेश शर्मा, राकेश सुखीजा, राजेश मिड्डा, विजय जगा, राजन राठौड़ समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।