*राइफल साफ करते समय चली गोली, एएसआई की मौत*
*परिवार के साथ पार्क में बैठे थे जोगिंदर सिंह, ड्यूटी पर जाने से पहले कर रहे थे राइफल की सफाई; पुलिस ने शुरू की जांच*
अमृतसर। अमृतसर में शुक्रवार सुबह राइफल साफ करते समय अचानक गोली चलने से पंजाब पुलिस के एएसआई जोगिंदर सिंह की मौत हो गई। घटना सुल्तानविंड गेट स्थित तरनतारन रोड पर उनके घर के पास बने पार्क की है। बताया जा रहा है कि एएसआई ड्यूटी पर जाने से पहले परिवार के साथ पार्क में बैठे थे और इसी दौरान अपनी राइफल की सफाई कर रहे थे। तभी अचानक गोली चल गई, जो उनके सिर के पास जा लगी। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही एसीपी साउथ प्रीत इंदर सिंह और थाना सुल्तानविंड के एसएचओ इंस्पेक्टर अर्जुन कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों से जानकारी जुटाने के साथ ही घटना की जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, एएसआई जोगिंदर सिंह पिछले करीब पौने दो साल से बिजनेसमैन साहिल महाजन के गनमैन के रूप में तैनात थे। साहिल महाजन को बदमाशों से धमकी मिलने के बाद उनकी सुरक्षा में जोगिंदर सिंह की तैनाती की गई थी। शुक्रवार को उन्हें दोपहर करीब 12 से 12:30 बजे के बीच साहिल महाजन को घर से लेने पहुंचना था।
इससे पहले करीब 11:50 बजे जोगिंदर सिंह के बेटे ने फोन कर सूचना दी कि उनके पिता राइफल साफ करते समय अचानक गोली चलने से घायल हो गए हैं। एसीपी साउथ प्रीत इंदर सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में राइफल की सफाई के दौरान अचानक गोली चलने की बात सामने आई है। पुलिस घटना के सभी पहलुओं और गोली चलने के कारणों की जांच कर रही है।


