*राष्ट्रीय एकता दिवस पर पुलिस लाइन में भव्य परेड, आठ पुलिसकर्मी सम्मानित* *आईजी ट्रैफिक कृष्ण कुमार वीके ने ली परेड की सलामी, सैनिक सम्मेलन में सुनीं पुलिसकर्मियों की समस्याएं*

*राष्ट्रीय एकता दिवस पर पुलिस लाइन में भव्य परेड, आठ पुलिसकर्मी सम्मानित*

 

*आईजी ट्रैफिक कृष्ण कुमार वीके ने ली परेड की सलामी, सैनिक सम्मेलन में सुनीं पुलिसकर्मियों की समस्याएं*

 

रुद्रपुर। राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर शुक्रवार को पुलिस लाइन रुद्रपुर में भव्य परेड का आयोजन किया गया। पुलिस महानिरीक्षक ट्रैफिक उत्तराखंड कृष्ण कुमार वीके ने परेड की सलामी ली। इस दौरान पुलिस बल ने अनुशासन, एकजुटता और कर्तव्यनिष्ठा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाले आठ पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मेडल और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

 

परेड के बाद आईजी ट्रैफिक ने पुलिस लाइन परिसर का निरीक्षण किया। इसके उपरांत पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ सैनिक सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में उन्होंने पुलिसकर्मियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस बल को अनुशासित, सतर्क और मुस्तैद रहकर अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के निर्देश भी दिए।

 

आठ पुलिसकर्मियों को मिला सम्मान

 

कार्यक्रम के दौरान सराहनीय सेवाओं और उत्कृष्ट कार्यों के लिए अग्निशमन अधिकारी चन्दनराम, एसओजी रुद्रपुर के आरक्षी राजेन्द्र कुमार कश्यप, नानकमत्ता थाने के आरक्षी प्रवीण कुमार गोस्वामी, काशीपुर थाने के उपनिरीक्षक दिनेश चन्द्र सिंह, साइबर सेल की उपनिरीक्षक रीता देवी, एमटी पूल पुलिस लाइन के अपर उपनिरीक्षक अम्बादत्त काण्डपाल, ट्रांजिट कैंप के प्रभारी निरीक्षक धर्मवीर सोलंकी और किच्छा के प्रभारी निरीक्षक रवि सैनी को मेडल एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

 

राष्ट्रीय एकता और अखंडता बनाए रखने का लिया संकल्प

 

राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने तथा पूर्ण निष्ठा एवं समर्पण के साथ कर्तव्यों का निर्वहन करने का संकल्प लिया गया। इसके साथ ही जिले के सभी थानों और पुलिस कार्यालयों में अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई गई।

 

कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, पुलिस अधीक्षक रुद्रपुर, पुलिस अधीक्षक काशीपुर, समस्त क्षेत्राधिकारी, जनपद के राजपत्रित अधिकारी और विभिन्न थानों के प्रभारी मौजूद रहे।

Advertisement
Advertisement
Advertisement