*डीपीएस रुद्रपुर की बेटियों ने जीता जिला बास्केटबॉल खिताब*
*डीपीएस रुद्रपुर की बेटियों ने जीता जिला बास्केटबॉल खिताब* *फाइनल में मेजबान ब्राइट स्टार्ट अकादमी को 5-2 से हराकर बनीं चैंपियन*
*फाइनल में मेजबान ब्राइट स्टार्ट अकादमी को 5-2 से हराकर बनीं चैंपियन*
रुद्रपुर। दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) रुद्रपुर की अंडर-14 बालिका बास्केटबॉल टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम सब जूनियर एवं यूथ जिला बास्केटबॉल चैंपियनशिप-2026 का खिताब अपने नाम कर लिया। 5 और 6 सितंबर को ब्राइट स्टार्ट इंटरनेशनल अकादमी, जसपुर में आयोजित प्रतियोगिता में जिले के नौ विद्यालयों की टीमों ने प्रतिभाग किया।
पूरे टूर्नामेंट में डीपीएस रुद्रपुर की खिलाड़ियों ने अनुशासन, टीम भावना और बेहतरीन खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए लगातार जीत दर्ज की और फाइनल में जगह बनाई। निर्णायक मुकाबले में टीम ने मेजबान ब्राइट स्टार्ट इंटरनेशनल अकादमी, जसपुर को 5-2 से शिकस्त देकर जिला चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
टीम की जीत से विद्यालय परिसर में खुशी का माहौल है। खिलाड़ियों की मेहनत, प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन और मजबूत टीम भावना को इस सफलता का प्रमुख आधार बताया गया। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने खेल भावना और आत्मविश्वास का परिचय देते हुए खेल प्रेमियों की सराहना भी बटोरी।
इस उपलब्धि पर विद्यालय के चेयरमैन सुरजीत सिंह ग्रोवर, उपाध्यक्ष हरमन सिंह ग्रोवर और प्रधानाचार्य चेतन सिंह चौहान ने विजेता खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं अभिभावकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह सफलता खिलाड़ियों के निरंतर अभ्यास, कड़ी मेहनत, समर्पण और दृढ़ संकल्प का परिणाम है। विद्यालय विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ खेलों में आगे बढ़ने के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
विद्यालय प्रबंधन ने उम्मीद जताई कि टीम की यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा बनेगी और खिलाड़ी आगामी राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रुद्रपुर और उत्तराखंड का नाम रोशन करेंगी।


