*विधायक बेहड़ ने विकास कार्यों में तेजी लाने के दिए निर्देश*
*तीन प्रमुख सड़कों का निर्माण पूरा, छह पर काम जारी; गुणवत्ता से समझौता नहीं करने की हिदायत*
किच्छा। किच्छा विधानसभा क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति को लेकर विधायक तिलक राज बेहड़ ने उत्तराखंड अर्बन सेक्टर डेवलपमेंट एजेंसी (यूएसडीडीए) के अधिकारियों के साथ बैठक कर समीक्षा की। उन्होंने निर्माण कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में अधिकारियों ने बताया कि विधानसभा क्षेत्र में तीन प्रमुख सड़कों का निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया है। इनमें 2.10 किलोमीटर लंबा आजादनगर-बंगाली कॉलोनी मार्ग, 1.5 किलोमीटर लंबा सिरौली कला से पंतपुरा, अंजनिया और पटेरी मोटर मार्ग तथा किच्छा से पंचक्की फार्म तक नहर किनारे 2.10 किलोमीटर लंबी लेन का निर्माण शामिल है।
इसके अलावा छह प्रमुख सड़कों पर निर्माण कार्य चल रहा है। इनमें बंडिया भट्टा से संपर्क मार्ग (1.5 किलोमीटर), सिरौली कला गेट से रेलवे क्रॉसिंग तक (1.05 किलोमीटर), नालंदा से गोल्ज्यू मंदिर मार्ग (1.20 किलोमीटर), गुरुकुल स्कूल से धर्मकांटा तक (0.50 किलोमीटर), किच्छा-देवरिया-चुटकी-आजादनगर मार्ग (पांच किलोमीटर) तथा उत्तरांचल कॉलोनी से होते हुए गैस एजेंसी वाली सड़क पर अंतिम लेयर का कार्य शामिल है।
विधायक बेहड़ ने बताया कि सिरौली कला में करीब 90 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। उत्तरांचल कॉलोनी में भी अधिकांश कार्य पूरे हो गए हैं। इसके अलावा लेफ्ट पाहा नहर क्षेत्र में एसबीआई से ऊपर नहर तक सड़क निर्माण का कार्य भी यूएसडीडीए की ओर से कराया जा रहा है। उन्होंने इस कार्य में भी तेजी लाने के निर्देश दिए।
विधायक ने कहा कि आवास विकास और बलवंत कॉलोनी सहित नगर के जिन क्षेत्रों में पाइपलाइन बिछाने का काम अधूरा है और इसके चलते सड़कें क्षतिग्रस्त हुई हैं, वहां दीपावली के बाद मरम्मत एवं निर्माण कार्य तेजी से शुरू कराया जाए। उन्होंने पंजाबी मोहल्ला स्थित जनता इंटर कॉलेज की अधूरी सड़क का निर्माण भी जल्द शुरू करने के निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सभी विकास कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए और उन्हें तय समय पर पूरा किया जाए, ताकि आम जनता को आवागमन में परेशानी न हो। बैठक में यूएसडीडीए के सहायक अभियंता पवन टोलिया और डीएससी के निर्माण प्रबंधक मुजाहिद हमीद मौजूद रहे।


