*महापौर ने 450 श्रमिकों को बांटी श्रमिक किट*
*ट्रांजिट कैंप में मुख्यमंत्री स्वास्थ्य जांच शिविर का भी आयोजन, श्रमिकों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने पर जोर*
रुद्रपुर। दीपावली से पूर्व श्रमिक परिवारों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से वार्ड संख्या चार के ट्रांजिट कैंप स्थित श्री राधा गोविंद मंदिर परिसर में श्रमिक किट वितरण एवं मुख्यमंत्री स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महापौर विकास शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर 450 श्रमिकों को श्रमिक किट वितरित कीं। इस दौरान आयोजित स्वास्थ्य जांच शिविर में श्रमिकों के स्वास्थ्य की जांच कर उन्हें आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं भी उपलब्ध कराई गईं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महापौर विकास शर्मा ने कहा कि श्रमिक शहर की अर्थव्यवस्था और विकास की महत्वपूर्ण आधारशिला हैं। उनके परिश्रम से उद्योगों, निर्माण कार्यों और अन्य क्षेत्रों को गति मिलती है। ऐसे में श्रमिकों और उनके परिवारों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना समाज और सरकार की जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि दीपावली खुशियों और आपसी सद्भाव का पर्व है। इस अवसर पर जरूरतमंद परिवारों की मदद कर उनके जीवन में खुशियां लाना जनसेवा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। श्रमिक किट वितरण के साथ स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन भी इसी उद्देश्य से किया गया है। उन्होंने कहा कि श्रमिकों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देकर उनका लाभ दिलाने के लिए निरंतर प्रयास किए जाने चाहिए।
महापौर ने कहा कि कामकाज की व्यस्तता के चलते कई बार श्रमिक अपने स्वास्थ्य की नियमित जांच नहीं करा पाते। ऐसे में स्वास्थ्य जांच शिविर उनके लिए उपयोगी साबित होते हैं। उन्होंने श्रमिकों से अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने और समय-समय पर जांच कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि श्रमिक परिवारों को सम्मान, सामाजिक सुरक्षा और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए जनप्रतिनिधियों एवं संबंधित विभागों को मिलकर कार्य करना चाहिए।
कार्यक्रम में पार्षद सुशील मंडल, पवन राणा बीनू, बंगाली कल्याण समिति के प्रदेश अध्यक्ष दलीप अधिकारी, श्रम परिवर्तन अधिकारी तनमय पंत, कार्यक्रम संयोजक भुवन जोशी, दीपक जोशी, रवि भट्ट, हेमा, पुष्पा, सुशीला, विशाल, सूरज, अनिल, भाजपा मंडल उपाध्यक्ष गोविंद शर्मा, आशीष यादव सहित तमाम क्षेत्रवासी मौजूद रहे।


