*पीएनबी शाखा में 35 करोड़ के फर्जीवाड़े का आरोप, ग्राहकों का हंगामा*
*एफडी तोड़कर दूसरे खातों में रकम ट्रांसफर करने का आरोप, बैंक परिसर में किया प्रदर्शन*
ग्रेटर नोएडा। दिल्ली से सटे ग्रेटर नोएडा के सेक्टर पाई-1 स्थित पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) की शाखा में करीब 35 करोड़ रुपये की वित्तीय अनियमितता का मामला सामने आया है। ग्राहकों ने आरोप लगाया है कि उनकी अनुमति के बिना खातों से लाखों रुपये निकालकर दूसरे खातों में ट्रांसफर कर दिए गए। कुछ खाताधारकों का दावा है कि उनकी फिक्स्ड डिपॉजिट (एफडी) को समय से पहले तोड़कर रकम अन्य व्यक्तियों के खातों में आरटीजीएस के माध्यम से भेज दी गई। मामले में बैंक कर्मचारियों की भूमिका पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, ऐच्छर गांव में संचालित पीएनबी की शाखा में कथित तौर पर ग्राहकों की जमा पूंजी के साथ वित्तीय गड़बड़ी की गई। आरोप है कि खाताधारकों की जानकारी या सहमति के बिना उनकी एफडी की रकम निकालकर दूसरे खातों में भेज दी गई। जब ग्राहकों को इसकी जानकारी मिली तो उनमें आक्रोश फैल गया।
मंगलवार को बड़ी संख्या में खाताधारक बैंक परिसर में पहुंच गए और जमकर विरोध-प्रदर्शन किया। ग्राहकों ने अपनी जमा पूंजी की सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए मामले की जांच कराने और धनराशि वापस दिलाने की मांग की।
करीब 35 करोड़ रुपये की कथित वित्तीय अनियमितता का मामला सामने आने के बाद बैंकिंग व्यवस्था और ग्राहकों की जमा राशि की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। फिलहाल, मामले में लगाए गए आरोपों की जांच और संबंधित पक्षों का आधिकारिक पक्ष सामने आना बाकी है।


