*मारुति इंटरनेशनल स्कूल में सजी भव्य डांडिया नाइट, फ्यूजन डांस क्लब बना चैंपियन*
*गीता धामी को मिला डांडिया क्वीन का खिताब, पारंपरिक नृत्य प्रस्तुतियों ने मोहा मन*
शांतिपुरी। जवाहर नगर स्थित मारुति इंटरनेशनल स्कूल में शरद पूर्णिमा के अवसर पर भव्य डांडिया नाइट का आयोजन किया गया। रंग-बिरंगी रोशनी, आकर्षक सजावट, पारंपरिक परिधानों और डांडिया की धुनों के बीच प्रतिभागियों ने शानदार नृत्य प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। देर रात तक चले इस आयोजन में लोगों ने उत्साह के साथ भागीदारी की और सांस्कृतिक कार्यक्रम का आनंद उठाया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि कांग्रेस प्रदेश महामंत्री एवं पूर्व दर्जाधारी डॉ. गणेश उपाध्याय, पूर्व जिला पंचायत सदस्य डॉ. लता उपाध्याय, जिला पंचायत सदस्य प्रेम आर्य तथा स्थानीय ग्राम प्रधानों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान अतिथियों ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
डांडिया नाइट के तहत विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। ग्रुप डांडिया प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए फ्यूजन डांस क्लब ने चैंपियन का खिताब अपने नाम किया। वहीं, आकर्षक नृत्य प्रस्तुति और अंदाज के लिए गीता धामी को डांडिया क्वीन चुना गया। इसके अलावा डांडिया कपल, बाल डांडिया क्वीन और ग्रुप डांडिया जैसी प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि डॉ. गणेश उपाध्याय ने सफल आयोजन के लिए विद्यालय प्रबंधन को बधाई दी। उन्होंने कहा कि भारत की सांस्कृतिक विविधता उसकी सबसे बड़ी विशेषताओं में से एक है। विभिन्न परंपराओं और त्योहारों को उत्साहपूर्वक मनाना तथा एक-दूसरे की संस्कृति का सम्मान करना भारतीय समाज की खूबसूरती है। ऐसे आयोजन सांस्कृतिक विरासत को सहेजने के साथ ही नई पीढ़ी को अपनी परंपराओं से जोड़ने और आपसी सद्भाव को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
विद्यालय के निदेशक सुमित सांगुड़ी और प्रधानाचार्या अंकिता सांगुड़ी ने अतिथियों, प्रतिभागियों और आयोजन में सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम बच्चों और युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देते हैं। साथ ही उनमें आत्मविश्वास, रचनात्मकता और सामूहिक सहभागिता की भावना विकसित करते हैं।
कार्यक्रम में ग्राम प्रधान दीपा कांडपाल, शांतिपुरी नंबर दो की ग्राम प्रधान कविता तिवारी, क्षेत्र पंचायत सदस्य पूर्णिमा दानू सहित कई गणमान्य लोग और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। डांडिया नाइट ने पारंपरिक संस्कृति, सांस्कृतिक उल्लास और आपसी मेल-मिलाप का संदेश दिया।


