*जिंदल पैकेजिंग इंडस्ट्रीज में लगी आग, एक घंटे की मशक्कत के बाद पाया काबू*
*रुद्रपुर से दो और किच्छा से एक दमकल यूनिट ने संभाला मोर्चा, कोई जनहानि नहीं*
किच्छा। ऊधम सिंह नगर जिले के किच्छा क्षेत्र में तुलसी द्वार रोड स्थित मल्सा में जिंदल पैकेजिंग इंडस्ट्रीज में सोमवार सुबह अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। रुद्रपुर से दो और किच्छा से एक दमकल यूनिट ने आग बुझाने का अभियान चलाया। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। राहत की बात यह रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह 9 बजकर 13 मिनट पर पीएफटी के माध्यम से रुद्रपुर अग्निशमन केंद्र को जिंदल पैकेजिंग इंडस्ट्रीज में आग लगने की सूचना मिली। सूचना पर फायर स्टेशन प्रभारी चंद्र प्रकाश के निर्देश पर रुद्रपुर से दो और किच्छा से एक दमकल यूनिट को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया।
मौके पर पहुंची दमकल टीमों ने आग की गंभीरता को देखते हुए तीनों यूनिट की मदद से लगातार पानी की बौछार कर आग बुझाने का अभियान शुरू किया। दमकल कर्मियों ने आपसी समन्वय के साथ आग को फैलने से रोकने का प्रयास किया। करीब एक घंटे की लगातार मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।
अग्निशमन विभाग की त्वरित कार्रवाई से आग को समय रहते बुझा दिया गया। हालांकि, आग लगने के कारणों और इससे हुए संभावित आर्थिक नुकसान का अभी पता नहीं चल पाया है।
इन कर्मियों ने संभाला मोर्चा
आग बुझाने के अभियान में फायर स्टेशन प्रभारी चंद्र प्रकाश, चालक मदन सिंह व उमेश सिंह, फायरमैन चालक नरेश कुमार तथा फायरमैन प्रकाश पांडे, नवल प्रभात, संतोष कुमार, गौरव सिंह, संजय सिंह, भवान सिंह, दीपक बिष्ट और गौरी बघरी के साथ संविदा चालक धीरज राणा ने योगदान दिया।


