जेसीज पब्लिक स्कूल में शतरंज प्रतियोगिता आयोजित, विजेताओं को किया सम्मानित
भारत भूषण चुघ ने खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह, 46 हजार रुपये की पुरस्कार राशि बांटी
रुद्रपुर। जेसीज पब्लिक स्कूल में रुद्रा चेस अकादमी के तत्वावधान में शतरंज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में अंडर-9, अंडर-12, अंडर-15 और ओपन वर्ग के खिलाड़ियों ने प्रतिभाग कर अपनी बौद्धिक क्षमता और रणनीतिक कौशल का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के दौरान कुल सात राउंड खेले गए। समापन पर विजेता खिलाड़ियों को 46 हजार रुपये की नकद पुरस्कार राशि और ट्रॉफियां प्रदान कर सम्मानित किया गया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य भारत भूषण चुघ की उपस्थिति में हुआ। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि शतरंज केवल एक खेल नहीं, बल्कि एकाग्रता, धैर्य, अनुशासन और निर्णय लेने की क्षमता विकसित करने का भी माध्यम है। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ आगे बढ़ने और भविष्य में बेहतर प्रदर्शन करने का आह्वान किया।
पुरस्कार वितरण समारोह में भारत भूषण चुघ ने विभिन्न वर्गों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को नकद पुरस्कार और ट्रॉफियां देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ ही प्रतिस्पर्धात्मक अनुभव प्राप्त करने का अवसर प्रदान करती हैं। इससे बच्चों में तार्किक सोच, रणनीतिक समझ और आत्मविश्वास का विकास होता है।
प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के साथ ही अभिभावकों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की। आयोजकों ने कहा कि इस तरह के आयोजन क्षेत्र में शतरंज को बढ़ावा देने और नई प्रतिभाओं को आगे लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन पर रुद्रा चेस अकादमी के सुमित बांगा, दिलीप साहू, ऋषभ साहू और स्वाति बांगा सहित आयोजक समिति के सदस्यों के प्रयासों की सराहना की गई।


