अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने किया योगाभ्यास, योग अपनाने का किया आह्वान
किच्छा। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने क्षेत्र में आयोजित विभिन्न योग कार्यक्रमों में सहभागिता कर लोगों को नियमित योग अपनाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि योग स्वस्थ, संतुलित और निरोग जीवन का आधार है तथा प्रत्येक व्यक्ति को इसे अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए।
पूर्व विधायक ने सबसे पहले देवरिया स्थित पाल सुमेरा कॉलोनी में पतंजलि महिला समिति द्वारा आयोजित योग कार्यक्रम में भाग लिया। इस दौरान समिति की जिला प्रभारी हंसी बिष्ट ने उन्हें योग साहित्य भेंट कर सम्मानित किया। इसके बाद उन्होंने भाजपा किच्छा नगर मंडल के सहयोग से सरदार वल्लभभाई पटेल पार्क में भारतीय योग संस्थान द्वारा आयोजित सामूहिक योग कार्यक्रम में सहभागिता कर योगाभ्यास किया। उन्होंने पीएम श्री अटल उत्कृष्ट राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में योगेन शिक्षा समिति के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में भी भाग लिया।
कार्यक्रमों को संबोधित करते हुए राजेश शुक्ला ने क्षेत्रवासियों को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि “करें योग, रहें निरोग” केवल नारा नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवन का मूल मंत्र है। उन्होंने कहा कि योग का अर्थ जोड़ना है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से आज योग 175 से अधिक देशों तक पहुंचकर भारत की प्राचीन संस्कृति और ज्ञान परंपरा की वैश्विक पहचान बन चुका है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड योग की भूमि है तथा नियमित योगाभ्यास से शरीर, मन और आत्मा स्वस्थ एवं संतुलित रहते हैं। योग मानसिक तनाव को कम करने, रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने तथा अनेक बीमारियों से बचाव में भी सहायक है। उन्होंने सभी नागरिकों से योग को अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने की अपील की।
कार्यक्रमों में योग प्रशिक्षकों ने ग्रीवा चालन, स्कंध चालन, कटि चालन, जानु चालन, ताड़ासन, वृक्षासन, पादहस्तासन, अर्धचक्रासन, त्रिकोणासन, दण्डासन, भद्रासन, वज्रासन, उष्ट्रासन, शशकासन, वक्रासन, मकरासन, भुजंगासन, शलभासन, सेतुबंधासन, उत्तानपादासन, पवनमुक्तासन और शवासन सहित विभिन्न योगासनों का अभ्यास कराया। साथ ही कपालभाति, नाड़ी शोधन, शीतली एवं भ्रामरी प्राणायाम भी कराया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, योग प्रशिक्षकों और बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लिया।







