एसएसपी अजय गणपति की रणनीति से वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़, 11 बाइक बरामद ट्रांजिट कैम्प व खटीमा पुलिस की कार्रवाई में पांच शातिर वाहन चोर गिरफ्तार

एसएसपी अजय गणपति की रणनीति से वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़, 11 बाइक बरामद

ट्रांजिट कैम्प व खटीमा पुलिस की कार्रवाई में पांच शातिर वाहन चोर गिरफ्तार

रुद्रपुर। जनपद में वाहन चोरी की बढ़ती घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत ऊधमसिंहनगर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में ट्रांजिट कैम्प और खटीमा पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए पांच शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार कर चोरी की 11 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। पुलिस ने वाहन चोरी के कई मुकदमों का सफल अनावरण किया है।

पुलिस के अनुसार एसएसपी के निर्देश पर संपत्ति संबंधी अपराधों और वाहन चोरी की घटनाओं के खुलासे के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा था। पुलिस अधीक्षक अपराध, पुलिस अधीक्षक नगर तथा संबंधित क्षेत्राधिकारियों के पर्यवेक्षण में गठित टीमों ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों तक पहुंच बनाई।

ट्रांजिट कैम्प पुलिस ने तीन आरोपियों को दबोचा

कोतवाली ट्रांजिट कैम्प पुलिस को दो जून को सूचना मिली कि कुछ संदिग्ध व्यक्ति गणेशपुर रोड स्थित एक खंडहर के पास चोरी की बाइक के साथ मौजूद हैं। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर तीन युवकों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने वाहन चोरी की कई घटनाओं में संलिप्तता स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर झाड़ियों और सुनसान स्थानों में छिपाकर रखी गई पांच अन्य चोरी की मोटरसाइकिलें भी बरामद की गईं।

गिरफ्तार आरोपियों में सचिन पाल, अरुण और आशीष श्रीवास्तव शामिल हैं। बरामद वाहन ट्रांजिट कैम्प और पंतनगर क्षेत्र में दर्ज विभिन्न वाहन चोरी के मुकदमों से संबंधित पाए गए।

खटीमा पुलिस ने दो वाहन चोरों को पकड़ा

उधर, खटीमा पुलिस ने वाहन चोरी के मामलों की जांच के दौरान ग्राम सुजिया मार्ग के पास से फरमान फरीदी उर्फ फुकना को चोरी की मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने अन्य चोरी की वारदातों में भी शामिल होने की बात कबूल की। उसकी निशानदेही पर झाड़ियों में छिपाकर रखी गई कई अन्य बाइक बरामद की गईं।

इसके बाद पुलिस ने दूसरे आरोपी पवन धामी को लाल कोठी रोड, चकरपुर क्षेत्र से गिरफ्तार किया। दोनों आरोपियों की निशानदेही पर कुल पांच चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद हुईं।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे बाजारों, दुकानों, जिम, कॉलोनियों और सार्वजनिक स्थलों पर खड़ी मोटरसाइकिलों की रेकी करते थे। मौका मिलने पर वाहनों के लॉक तोड़कर चोरी कर लेते थे और बाद में उन्हें सुनसान स्थानों या झाड़ियों में छिपाकर रखते थे। इसके बाद वाहनों को कम कीमत पर बेचकर आर्थिक लाभ कमाते थे।

11 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद

ट्रांजिट कैम्प पुलिस ने छह और खटीमा पुलिस ने पांच चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। बरामद वाहनों में हीरो स्प्लेंडर, हीरो एचएफ डीलक्स, पैशन प्रो, टीवीएस स्पोर्ट और यामाहा आरएक्स जैसी मोटरसाइकिलें शामिल हैं।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा रही है तथा उनके आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। एसएसपी अजय गणपति ने पुलिस टीमों की सराहना करते हुए कहा कि जनपद में अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Advertisement
Advertisement
Advertisement