रुद्रपुर के श्रेयांश साहू बने सिक्स रुद्रा ओपन रैपिड चेस टूर्नामेंट के चैंपियन
रुद्रपुर। राघव शतरंज अकादमी, रुद्रपुर द्वारा आयोजित सिक्स रुद्रा ओपन रैपिड चेस टूर्नामेंट का खिताब जेपीसी के छात्र श्रेयांश साहू ने अपने नाम किया। शानदार प्रदर्शन करते हुए उन्होंने प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल कर 11,100 रुपये की नकद पुरस्कार राशि जीती।
प्रतियोगिता में हल्द्वानी के दर्शील सुतेरी ने दूसरा स्थान प्राप्त कर 9,100 रुपये, जबकि काशीपुर के शुभ सिंह ने तीसरा स्थान हासिल कर 7,100 रुपये का नकद पुरस्कार जीता। नोएडा के हर्षित सिंह चौथे स्थान पर रहे और उन्हें 5,100 रुपये, जबकि बरेली के अपूर्व शर्मा ने पांचवां स्थान प्राप्त कर 4,100 रुपये की पुरस्कार राशि हासिल की।
स्कूल टीम वर्ग में हल्द्वानी के ओरम पब्लिक स्कूल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। रुद्रपुर के जेपीएस स्कूल ने दूसरा तथा आरएएन स्कूल ने तीसरा स्थान हासिल किया।
आयु वर्ग प्रतियोगिताओं में बालक अंडर-9 वर्ग में तेजस तिवारी, बालक अंडर-12 में धैर्य बोरा तथा बालक अंडर-15 वर्ग में नव्य बोरा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। बालिका वर्ग में अंडर-9 में अनन्या पांडेय, अंडर-12 में सौम्या मेहरा तथा अंडर-15 में तान्या पांडेय विजेता रहीं।
टूर्नामेंट का उद्घाटन भाजपा के प्रदेश संयोजक भारत भूषण ने किया, जबकि समापन समारोह में जेपीएस स्कूल के निदेशक सुरजीत सिंह ने विजेताओं को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।
प्रतियोगिता के सफल संचालन में चीफ आर्बिटर नूतन भारद्वाज (सीनियर नेशनल आर्बिटर), डिप्टी आर्बिटर ऋषभ साहू, आर्बिटर जितेंद्र कुमार तथा राघव शतरंज अकादमी के दिलीप साहू, डॉ. प्रमेश अरोड़ा, स्वाति बांगा, नीलम साहू और निलेश गुप्ता का विशेष योगदान रहा। आयोजन में विभिन्न जनपदों एवं राज्यों से आए खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।







