*उमेश कुमार की कांग्रेस में एंट्री की चर्चाओं से सियासी हलचल तेज*
*हरीश रावत ने 2016 के घटनाक्रम का हवाला देकर जताई नाराजगी, दिल्ली में वेणुगोपाल व शैलजा से करेंगे मुलाकात*
देहरादून। खानपुर विधायक उमेश कुमार के कांग्रेस में शामिल होने की चर्चाओं के बीच उत्तराखंड कांग्रेस में सियासी हलचल तेज हो गई है। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने संभावित ज्वाइनिंग को लेकर सार्वजनिक रूप से नाराजगी जताई है। वहीं राज्य आंदोलनकारी भावना पांडे ने भी कांग्रेस नेतृत्व से उमेश कुमार को पार्टी में शामिल नहीं करने की मांग की है।
हरीश रावत ने सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रिया में वर्ष 2016 के राजनीतिक घटनाक्रम का उल्लेख करते हुए कांग्रेस नेतृत्व पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यह उनके लिए दुखद है कि जिन लोगों ने उस समय उनकी सरकार बचाने के लिए संघर्ष किया, उन्हें आज पार्टी में उचित सम्मान नहीं मिल रहा है, जबकि सरकार गिराने में भूमिका निभाने वालों को कांग्रेस में शामिल कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।
रावत ने आरोप लगाया कि उमेश कुमार को कांग्रेस में शामिल कराने की कोशिश लोकसभा चुनाव के दौरान भी हुई थी और अब इन प्रयासों में तेजी आई है। उन्होंने कहा कि जिस व्यक्ति को सरकार गिराने का माध्यम बताया गया, वह आज प्रभावशाली और सम्मानित नजर आ रहा है, जबकि सरकार बचाने के लिए संघर्ष करने वालों को ही गलत ठहराया जा रहा है। उन्होंने 2016 के घटनाक्रम को कांग्रेस की उत्तराखंड में लंबे समय तक सत्ता से बाहर होने का प्रमुख कारण भी बताया।
किच्छा से सीधे दिल्ली जाएंगे रावत
इसी राजनीतिक घटनाक्रम के बीच हरीश रावत के कार्यक्रम में भी बदलाव किया गया है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार उन्हें बुधवार को किच्छा से देहरादून लौटना था, लेकिन अब वह किच्छा से सीधे दिल्ली जाएंगे। दिल्ली में कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल और प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा से उनकी मुलाकात प्रस्तावित है।
माना जा रहा है कि इस मुलाकात में उत्तराखंड कांग्रेस की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों के साथ ही उमेश कुमार की संभावित ज्वाइनिंग को लेकर भी चर्चा हो सकती है। हालांकि बैठक में क्या निर्णय होगा, इसे लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है।
भावना पांडे ने भी जताया विरोध
दूसरी ओर राज्य आंदोलनकारी भावना पांडे ने भी उमेश कुमार को कांग्रेस में शामिल कराने की संभावित कवायद पर कड़ा विरोध जताया है। उन्होंने कांग्रेस प्रदेश नेतृत्व और प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल से खानपुर विधायक की ज्वाइनिंग रोकने की मांग की है। पांडे ने सोशल मीडिया के माध्यम से कहा कि उत्तराखंड के हितों को लेकर वह इस मुद्दे पर संघर्ष करेंगी।
भावना पांडे ने उमेश कुमार पर कई गंभीर आरोप लगाते हुए कांग्रेस नेतृत्व को चेतावनी दी कि यदि उन्हें पार्टी में शामिल किया गया तो वह इसके खिलाफ आंदोलन करेंगी। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड को आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों से बचाने के लिए वह हर स्तर पर संघर्ष करेंगी। उन्होंने कांग्रेस के कुछ नेताओं पर उमेश कुमार को पार्टी में शामिल कराने के लिए मिलीभगत का आरोप लगाते हुए आंदोलन की चेतावनी भी दी।
फिलहाल कांग्रेस में उमेश कुमार की औपचारिक ज्वाइनिंग की पुष्टि नहीं हुई है। हालांकि प्रदेश कांग्रेस प्रभारी के साथ उमेश कुमार की एक तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। ऐसे में दिल्ली में हरीश रावत की कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व के साथ प्रस्तावित मुलाकात को इस पूरे घटनाक्रम के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।


