*किच्छा-सिरौली की जीत जनता का भाजपा को आईना: गणेश उपाध्याय*
किच्छा। किच्छा नगर पालिका चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी राजेश प्रताप सिंह और सिरौली नगर पालिका में कांग्रेस प्रत्याशी राशिदा बेगम की जीत पर उत्तराखंड कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री डॉ. गणेश उपाध्याय ने जनता का आभार जताया। उन्होंने कहा कि किच्छा और सिरौली की जनता ने कांग्रेस के पक्ष में जनादेश देकर भाजपा को करारा जवाब दिया है।
डॉ. उपाध्याय ने कहा कि किच्छा और सिरौली में लंबे समय से विकास कार्यों में अवरोध पैदा किया गया। किच्छा नगर पालिका के चुनाव को रोकने के प्रयासों और क्षेत्र में विकास कार्यों के प्रभावित होने का जनता ने मतदान के माध्यम से जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि जनता ने साबित कर दिया है कि लोकतंत्र में असली ताकत जनता के हाथ में होती है।
उन्होंने कहा कि धामी सरकार को उस समय भी झटका लगा था, जब नैनीताल हाईकोर्ट के हस्तक्षेप के बाद सिरौली नगर पंचायत के नोटिफिकेशन को वापस लेना पड़ा था। इसके बाद नगर पालिका गठन की प्रक्रिया और विकास कार्यों को लेकर क्षेत्र में लगातार गतिरोध बना रहा। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले कई वर्षों से किच्छा और सिरौली के विकास को प्रभावित किया गया।
डॉ. उपाध्याय ने कहा कि किच्छा और सिरौली की जनता ने इस चुनाव को विधानसभा चुनाव से पहले का सेमीफाइनल बनाते हुए कांग्रेस के पक्ष में परिणाम दिया है। उन्होंने दावा किया कि करीब छह माह बाद होने वाले विधानसभा चुनाव के फाइनल मुकाबले में भी भाजपा को करारी हार का सामना करना पड़ेगा और उत्तराखंड में कांग्रेस की सरकार बनेगी।
उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश की जनता अब विकास, रोजगार और मूलभूत सुविधाओं के मुद्दों पर मतदान करना चाहती है। मंदिर-मस्जिद और धार्मिक भावनाओं के नाम पर राजनीति से अब काम नहीं चलेगा। जनता ने अपने मत के माध्यम से स्पष्ट संदेश दिया है कि उसे क्षेत्र का विकास चाहिए। उन्होंने किच्छा और सिरौली की जनता को जीत के लिए बधाई देते हुए कहा कि यह जीत कांग्रेस से ज्यादा जनता के जनादेश की जीत है।


