*लालकुआं में 65 लाख की स्मैक के साथ दो गिरफ्तार*
*अल्टो कार से बरामद हुई 218.04 ग्राम स्मैक, बहेड़ी से खरीदकर लाने की बात कबूली*
लालकुआं। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नैनीताल पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 218.04 ग्राम स्मैक के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बरामद स्मैक की अनुमानित कीमत करीब 65.40 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त अल्टो कार भी कब्जे में ली है।
पुलिस के अनुसार छह अक्टूबर को कोतवाली लालकुआं पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम सुभाष नगर बैरियर के पास संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान यूपी 24 एच 4787 नंबर की अल्टो कार को रोककर तलाशी ली गई। कार सवार दो लोगों के कब्जे से कुल 218.04 ग्राम स्मैक बरामद हुई। इसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नदीम खान उर्फ गण्ठा (36) निवासी सिरौलीकलां, थाना पुलभट्टा, ऊधमसिंह नगर और मो. शफीक उर्फ शफी (51) निवासी मोहम्मदपुर, थाना बहेड़ी, जिला बरेली के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक नदीम खान ट्रक चालक है, जबकि मो. शफीक बनभूलपुरा में दर्जी का काम करता है।
पूछताछ में आरोपियों ने स्मैक बहेड़ी से खरीदकर लाने की बात स्वीकार की है। पुलिस अब नशे के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है। मामले में कोतवाली लालकुआं में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। साथ ही दोनों आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।


