*सावन में कांवड़ यात्रा मार्ग पर बंद रहेंगी मांस-मछली की दुकानें* *महापौर के निर्देश पर निगम करेगा विशेष सफाई अभियान, विहिप-बजरंग दल के ज्ञापन पर लिया निर्णय*

Spread the love

*सावन में कांवड़ यात्रा मार्ग पर बंद रहेंगी मांस-मछली की दुकानें*

*महापौर के निर्देश पर निगम करेगा विशेष सफाई अभियान, विहिप-बजरंग दल के ज्ञापन पर लिया निर्णय*

रुद्रपुर। श्रावण मास में निकलने वाली कांवड़ यात्रा को लेकर नगर निगम ने अहम फैसला लिया है। नगर निगम क्षेत्र के कांवड़ यात्रा मार्गों पर सावन माह के दौरान मांस, मछली एवं अंडे की दुकानें बंद रहेंगी। इसके साथ ही प्रमुख शिव मंदिरों और यात्रा मार्गों पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। यह निर्णय महापौर विकास शर्मा ने विश्व हिंदू परिषद (विहिप) और बजरंग दल के प्रतिनिधिमंडल द्वारा सौंपे गए ज्ञापन पर संज्ञान लेते हुए लिया।

गुरुवार को विहिप और बजरंग दल के पदाधिकारियों ने महापौर से मुलाकात कर श्रावण मास के दौरान कांवड़ यात्रियों की धार्मिक भावनाओं के अनुरूप व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि हर वर्ष बड़ी संख्या में शिवभक्त हरिद्वार सहित विभिन्न तीर्थस्थलों से गंगाजल लेकर कांवड़ यात्रा करते हैं। ऐसे में यात्रा मार्ग पर मांस, मछली एवं अंडे की दुकानों के खुले रहने तथा कई स्थानों पर सफाई व्यवस्था संतोषजनक न होने से श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाएं आहत होती हैं और विवाद की स्थिति भी उत्पन्न हो सकती है।

प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि श्रावण मास के दौरान कांवड़ यात्रा मार्ग पर संचालित मांस, मछली एवं अंडे की दुकानों को अस्थायी रूप से बंद कराया जाए। साथ ही यात्रा मार्गों पर नियमित सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। जिला प्रशासन से भी कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा और सुचारु यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने का आग्रह किया गया।

महापौर विकास शर्मा ने मांगों को गंभीरता से लेते हुए नगर निगम अधिकारियों को तत्काल आवश्यक निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा मार्ग पर सावन माह के दौरान मांस, मछली एवं अंडे की दुकानें बंद रखी जाएंगी। साथ ही प्रमुख शिव मंदिरों, कांवड़ मार्गों और आसपास के क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाकर नियमित सफाई सुनिश्चित की जाएगी।

महापौर ने कहा कि श्रावण मास शिवभक्तों की आस्था का पर्व है और नगर निगम श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं करेगा। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो, इसके लिए जिला प्रशासन एवं संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित किया जा रहा है। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा तथा पूरे सावन माह में शहर को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाए रखने का प्रयास किया जाएगा।

इस दौरान विहिप के जिलाध्यक्ष रविन्द्र पाल सिंह, जिला मंत्री राजेन्द्र सिंह मेहरा, नगर अध्यक्ष सचिन शर्मा सहित विहिप एवं बजरंग दल के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *