*तीन सगी बहनों ने एक ही युवक से की शादी, वीडियो वायरल; हिंदू संगठनों ने जताई आपत्ति*

*तीन सगी बहनों ने एक ही युवक से की शादी, वीडियो वायरल; हिंदू संगठनों ने जताई आपत्ति*

अमरोहा। जिले के धौरिया गांव की रहने वाली सोशल मीडिया पर सक्रिय तीन सगी बहनों ने अपने साथ काम करने वाले कैमरामैन से मंदिर में विवाह कर लिया। विवाह का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।

जानकारी के अनुसार सरोज, सावित्री और संतोष नाम की तीनों बहनें सोशल मीडिया पर रील बनाती हैं और उनके इंस्टाग्राम पर कुल मिलाकर करीब पांच लाख फॉलोअर्स बताए जा रहे हैं। बताया गया कि तीनों ने चामुंडा मंदिर में श्यामपुर निवासी विकास के साथ वैदिक रीति-रिवाज से विवाह किया। वायरल वीडियो में विकास तीनों बहनों की मांग में बारी-बारी से सिंदूर भरता और अग्नि के समक्ष फेरे लेता दिखाई दे रहा है।

बताया जा रहा है कि विकास पिछले करीब छह माह से तीनों बहनों के साथ कैमरामैन के रूप में कार्य कर रहा था। विवाह के बाद इस घटना को लेकर सोशल मीडिया पर विभिन्न तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।

कुछ हिंदू संगठनों ने इस विवाह पर आपत्ति जताते हुए इसे सामाजिक और धार्मिक मर्यादाओं के विरुद्ध बताया है। वहीं, तीनों बहनों का कहना है कि उन्होंने अपनी इच्छा से विवाह किया है। उन्होंने अपने पक्ष में पौराणिक उदाहरण देते हुए कहा कि “राजा दशरथ की भी तीन पत्नियां थीं।”

बताया गया कि सरोज बीटेक शिक्षित हैं, जबकि सावित्री और संतोष ने 12वीं तक शिक्षा प्राप्त की है। फिलहाल इस मामले को लेकर कोई आधिकारिक कानूनी कार्रवाई सामने नहीं आई है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement