*रुद्रपुर डिग्री कॉलेज में कैंटीन व टॉयलेट ब्लॉक निर्माण का मामला उठा*
*विधायक शिव अरोरा ने उच्च शिक्षा मंत्री से की मुलाकात, 68.64 लाख की डीपीआर को मंजूरी देने का आग्रह*
रुद्रपुर। रुद्रपुर के सरदार भगत सिंह राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में कैंटीन और टॉयलेट ब्लॉक के निर्माण का रास्ता साफ होने की उम्मीद जगी है। विधायक शिव अरोरा ने गैरसैंण में चल रहे विधानसभा सत्र के दौरान प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत से मुलाकात कर निर्माण कार्यों के लिए वित्तीय स्वीकृति देने का आग्रह किया। इस पर मंत्री ने उच्च शिक्षा सचिव को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
विधायक शिव अरोरा ने मंत्री को सौंपे पत्र में कहा कि महाविद्यालय में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। ऐसे में विद्यार्थियों की सुविधा के लिए कैंटीन और टॉयलेट ब्लॉक का निर्माण आवश्यक है। उन्होंने बताया कि प्रस्तावित निर्माण कार्यों के लिए कार्यदायी संस्था की ओर से 68.64 लाख रुपये की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार की जा चुकी है।
विधायक ने कहा कि महाविद्यालय में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होने से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सकेगा। कैंटीन और टॉयलेट ब्लॉक बनने से छात्र-छात्राओं के साथ ही महाविद्यालय के स्टाफ को भी सुविधा मिलेगी।
उन्होंने छात्रहित को ध्यान में रखते हुए प्रस्ताव को प्राथमिकता के आधार पर वित्तीय स्वीकृति देने का आग्रह किया। इस पर उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने संबंधित सचिव को शीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश दिए। विधायक ने उम्मीद जताई कि प्रस्ताव को जल्द मंजूरी मिलने से महाविद्यालय में सुविधाओं का विस्तार हो सकेगा।


