*बदरीनाथ से देहरादून लौट रहा हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त, पायलट समेत छह की मौत*

*बदरीनाथ से देहरादून लौट रहा हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त, पायलट समेत छह की मौत*

चमोली। बदरीनाथ से देहरादून लौट रहा ट्रांस भारत कंपनी का एक हेलीकॉप्टर बदरीनाथ और ज्योतिर्मठ के बीच दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में हेलीकॉप्टर में सवार पायलट समेत सभी छह लोगों की मौत हो गई। हेलीकॉप्टर का मलबा पहाड़ी पर मिला है। सूचना मिलने के बाद एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंच गई और शवों को निकालने का अभियान शुरू कर दिया गया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बदरीनाथ से देहरादून लौट रहे हेलीकॉप्टर के लापता होने की सूचना मिलने के बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया। हेलीकॉप्टर के बदरीनाथ और ज्योतिर्मठ के बीच लापता होने की जानकारी सामने आई थी। इसके बाद राहत एवं बचाव दल को सक्रिय किया गया।

आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदकिशोर जोशी के अनुसार, जेपी डैम के ऊपर जंगल में सफेद रंग की किसी वस्तु में आग लगने की सूचना मिली थी। आशंका जताई गई कि यह लापता हेलीकॉप्टर हो सकता है। इसके बाद घटनास्थल का पता लगाने के लिए अन्य हेलीकॉप्टरों को रेकी के लिए भेजा गया।

डीएसपी मदन सिंह बिष्ट ने बताया कि मामले में जानकारी जुटाई जा रही है। बाद में पहाड़ी पर हेलीकॉप्टर का मलबा मिलने की पुष्टि हुई। हादसे में पायलट समेत सभी छह लोगों की मौत की सूचना है। एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंचकर शवों को निकालने में जुटी हुई है। हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement