### *पटवारियों की हड़ताल के बीच प्रमाण पत्रों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था, लोगों को मिली राहत*
– *महापौर विकास शर्मा की पहल पर डीएम ने जारी किए निर्देश, संग्रह अमीनों को प्रमाण पत्र जारी करने की जिम्मेदारी*
रुद्रपुर। पटवारियों की हड़ताल के चलते आय, जाति, स्थायी निवास समेत विभिन्न प्रमाण पत्र बनवाने में लोगों को हो रही परेशानी से राहत दिलाने के लिए महापौर विकास शर्मा ने पहल की है। महापौर के आग्रह पर जिलाधिकारी नितिन भदौरिया ने प्रमाण पत्र जारी करने के लिए संग्रह अमीनों को अधिकृत करते हुए वैकल्पिक व्यवस्था के निर्देश जारी किए हैं। इससे प्रमाण पत्रों के लिए तहसील के चक्कर काट रहे आम नागरिकों, विद्यार्थियों और जरूरतमंद परिवारों को राहत मिलने की उम्मीद है।
पटवारियों की हड़ताल के कारण तहसील में आय, जाति, स्थायी निवास समेत विभिन्न आवश्यक प्रमाण पत्रों के आवेदन और निस्तारण की प्रक्रिया प्रभावित हो रही थी। इसका सबसे अधिक असर उन विद्यार्थियों और युवाओं पर पड़ रहा था, जिन्हें प्रवेश, छात्रवृत्ति, प्रतियोगी परीक्षाओं और सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए निर्धारित समय सीमा में प्रमाण पत्र जमा करने हैं। प्रमाण पत्र समय पर नहीं मिलने से लोगों के जरूरी काम अटक रहे थे।
जनता की इस परेशानी को गंभीरता से लेते हुए महापौर विकास शर्मा ने जिलाधिकारी नितिन भदौरिया से वार्ता कर तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था बनाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक व्यवस्था में बाधा के कारण आम जनता को परेशान नहीं होना चाहिए। विशेषकर विद्यार्थियों और जरूरतमंद परिवारों के जरूरी कार्य प्रभावित न हों, इसके लिए प्रमाण पत्र जारी करने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
महापौर की पहल पर जिलाधिकारी ने तत्काल कार्रवाई करते हुए प्रमाण पत्र जारी करने के लिए संग्रह अमीनों को अधिकृत कर दिया। इसके साथ ही पटवारियों की ओर से तहसीलदार को सौंपे गए आईडी और पासवर्ड संग्रह अमीनों को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन को तात्कालिकता के आधार पर प्रमाण पत्र जारी करने और लंबित आवेदनों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा गया है।
महापौर विकास शर्मा ने कहा कि जनता से जुड़ी समस्याओं का समाधान कराना उनकी प्राथमिकता है। प्रशासनिक कारणों से किसी नागरिक, विशेषकर विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित नहीं होना चाहिए। पटवारियों की हड़ताल से प्रमाण पत्र बनवाने में आ रही परेशानी को देखते हुए जिलाधिकारी से वार्ता कर वैकल्पिक व्यवस्था कराई गई है। उन्होंने कहा कि संग्रह अमीनों को अधिकृत किए जाने से जरूरतमंद लोगों को प्रमाण पत्र प्राप्त करने में सहूलियत मिलेगी। जनहित से जुड़े मामलों में प्रशासन के साथ समन्वय कर समस्याओं का त्वरित समाधान कराने के प्रयास जारी रहेंगे।



