*डीपीएस रुद्रपुर का 10वां वार्षिकोत्सव ‘दशावतार’ भव्यता के साथ सम्पन्न* – *फिल्म एवं टीवी अभिनेता सुशांत सिंह रहे मुख्य अतिथि, लिबर्टी शूज के कार्यकारी निदेशक अनुपम बंसल ने की विद्यार्थियों की प्रतिभा की सराहना* *सुशांत सिंह ने विद्यार्थियों को बड़े सपने देखने और मूल्यों से जुड़े रहने का दिया संदेश*

### *डीपीएस रुद्रपुर का 10वां वार्षिकोत्सव ‘दशावतार’ भव्यता के साथ सम्पन्न*

 

– *फिल्म एवं टीवी अभिनेता सुशांत सिंह रहे मुख्य अतिथि, लिबर्टी शूज के कार्यकारी निदेशक अनुपम बंसल ने की विद्यार्थियों की प्रतिभा की सराहना*

 

रुद्रपुर, 24 नवंबर। दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस), रुद्रपुर का 10वां वार्षिकोत्सव ‘दशावतार – द डिवाइन सागा’ भव्यता और सांस्कृतिक गरिमा के साथ सम्पन्न हुआ। विद्यालय के दस वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित समारोह में भारतीय संस्कृति, परंपरा, नैतिक मूल्यों और विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा का शानदार संगम देखने को मिला। विद्यार्थियों की रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों, अभिभावकों और दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

 

कार्यक्रम में फिल्म एवं टेलीविजन अभिनेता सुशांत सिंह मुख्य अतिथि तथा लिबर्टी शूज लिमिटेड के कार्यकारी निदेशक अनुपम बंसल विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इसके अलावा उत्तराखंड बॉक्सिंग एसोसिएशन के लाइफटाइम प्रेसिडेंट निरवान मुखर्जी, जीडी बिड़ला मेमोरियल स्कूल रानीखेत के पूर्व प्रधानाचार्य एके माथुर, कुमार ग्रुप ऑफ इंडस्ट्रीज के संस्थापक एवं अध्यक्ष शिव कुमार अग्रवाल, श्यामपुरिया एस्टेट के प्रबंधक दिनेश श्यामपुरिया, नारायणा हॉस्पिटल एंड ट्रॉमा सेंटर के प्रबंध निदेशक डॉ. प्रदीप अदलखा, मुख्य कोषाधिकारी पंकज शुक्ला, गदरपुर की उपजिलाधिकारी डॉ. अमृता शर्मा, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट अनीता गुंजियाल और 31 पीएसी के डिप्टी कमांडेंट मनोज कट्याल सहित विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े गणमान्य लोग मौजूद रहे।

 

समारोह का शुभारंभ ऑर्केस्ट्रा की मनमोहक प्रस्तुति से हुआ। इसके बाद विद्यार्थियों ने भगवान विष्णु के दशावतार पर आधारित नृत्य-नाट्य प्रस्तुतियों के जरिए धर्म, सत्य, साहस, करुणा, त्याग, विनम्रता, धैर्य और न्याय जैसे जीवन मूल्यों को प्रभावशाली ढंग से मंच पर उतारा। आकर्षक मंच सज्जा, प्रकाश व्यवस्था, संगीत और विद्यार्थियों के अभिनय ने प्रस्तुतियों को जीवंत बना दिया।

 

मुख्य अतिथि सुशांत सिंह ने विद्यार्थियों के प्रदर्शन, आत्मविश्वास और अनुशासन की सराहना करते हुए उन्हें बड़े सपने देखने, भारतीय संस्कृति और जीवन मूल्यों से जुड़े रहने तथा हर क्षेत्र में उत्कृष्टता हासिल करने के लिए प्रेरित किया।

 

विशिष्ट अतिथि अनुपम बंसल ने विद्यार्थियों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और रचनात्मकता की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि विद्यालय गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, नैतिक मूल्यों, संस्कार और आत्मविश्वास का विकास करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने बच्चों को लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत, समर्पण और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। साथ ही विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों और अभिभावकों के सामूहिक प्रयासों को भी सराहा।

 

विद्यालय के चेयरमैन सुरजीत सिंह ग्रोवर, वाइस चेयरमैन हरमन सिंह ग्रोवर और प्रधानाचार्य चेतन चौहान ने अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया। उन्होंने विद्यालय की दस वर्षों की यात्रा, शैक्षणिक उपलब्धियों, खेलों, नवाचार और समग्र शिक्षा के क्षेत्र में किए गए प्रयासों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास विद्यालय की प्राथमिकता है।

 

समारोह के समापन पर अतिथियों ने विद्यार्थियों की प्रतिभा, शिक्षकों के समर्पण और आयोजन की व्यवस्थाओं की सराहना की। ‘दशावतार – द डिवाइन सागा’ विद्यालय की दस वर्षों की उपलब्धियों, भारतीय संस्कृति, शिक्षा और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के प्रति प्रतिबद्धता का उत्सव बनकर यादगार रहा।

 

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement