### *प्रकाश पर्व पर गुरुद्वारा सिंह सभा पहुंचे विधायक शिव अरोरा, मत्था टेककर लिया आशीर्वाद*
* *प्रबंधक कमेटी ने सरोपा व गुरु साहिब का चित्र भेंट कर किया सम्मानित*
* *गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं सेवा, सद्भाव और मानवता का संदेश देती हैं : शिव अरोरा*
रुद्रपुर। श्री गुरु नानक देव जी के पावन प्रकाश पर्व पर विधायक शिव अरोरा ने मुख्य बाजार स्थित गोल मार्केट गुरुद्वारा सिंह सभा पहुंचकर मत्था टेका और क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की। इस दौरान गुरुद्वारा साहिब में आयोजित अमृत वचन समागम में शामिल होकर उन्होंने संगत के साथ गुरु महाराज के पावन वचनों का श्रवण किया।
गुरुद्वारा सिंह सभा प्रबंधक कमेटी की ओर से विधायक शिव अरोरा को सरोपा एवं गुरु साहिब का चित्र भेंट कर सम्मानित किया गया। विधायक ने प्रबंधक कमेटी और संगत का आभार जताते हुए कहा कि श्री गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व मानवता, समानता, प्रेम, भाईचारे और निस्वार्थ सेवा के संदेश को आत्मसात करने का अवसर है।
उन्होंने कहा कि बाबा नानक देव जी की शिक्षाएं आज भी समाज को सही दिशा दिखाती हैं। सेवा, सिमरन और आपसी सद्भाव का उनका संदेश प्रत्येक व्यक्ति के जीवन में प्रेरणा का स्रोत है। गुरु साहिब की शिक्षाओं से प्रेरित होकर सभी को समाज में सेवाभाव के साथ कार्य करना चाहिए और जरूरतमंदों की सहायता के लिए सदैव तत्पर रहना चाहिए।
विधायक ने कहा कि गुरु नानक देव जी की कृपा और आशीर्वाद से रुद्रपुर निरंतर विकास एवं खुशहाली की ओर अग्रसर है। उन्होंने प्रकाश पर्व पर क्षेत्रवासियों और सिख समाज को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि गुरु साहिब के बताए मार्ग पर चलकर समाज में प्रेम, एकता और भाईचारे की भावना को और मजबूत किया जा सकता है।
इस दौरान जोगेंद्र सिंह, अजमेर सिंह, जीत सिंह, हरजिंदर सिंह, जसविंदर सिंह, हरपाल सिंह, गुरदीप गाबा, व्यापार मंडल महामंत्री मनोज छाबड़ा, कोषाध्यक्ष संदीप राव, राजेश कामरा, पीयूष भाटिया, विजय कुमार, मयंक कक्कड़ और वासु गुम्बर सहित अन्य लोग मौजूद रहे।



