*भगवती-माइक्रोमैक्स में ले-ऑफ समाप्त करने समेत विभिन्न मांगों को लेकर कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन*
*एडीएम को ज्ञापन सौंपा, 21 जुलाई को जिला स्तरीय वार्ता का मिला आश्वासन*
रुद्रपुर, 17 जुलाई। श्रमिक संयुक्त मोर्चा के नेतृत्व में शुक्रवार को भगवती प्रोडक्ट्स लिमिटेड (माइक्रोमैक्स), सिडकुल पंतनगर में घोषित ले-ऑफ समाप्त करने, न्यूनतम वेतनमान लागू कराने, मोर्चा के कार्यकारी अध्यक्ष दलजीत सिंह को जारी गुंडा एक्ट की नोटिस निरस्त करने तथा फैक्ट्रियों में बढ़ रहे श्रमिक हादसों पर रोक लगाने की मांग को लेकर जिला कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के बाद प्रतिनिधिमंडल ने अपर जिलाधिकारी (नजूल) पंकज उपाध्याय को ज्ञापन सौंपकर विभिन्न मांगों पर कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन पर हुई वार्ता के दौरान अपर जिलाधिकारी ने बताया कि तीनों प्रमुख मुद्दों पर 21 जुलाई को जिला स्तरीय समिति की बैठक आयोजित करने के लिए जिला श्रम आयुक्त (डीएलसी) को निर्देश दिए गए हैं।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने आरोप लगाया कि भगवती-माइक्रोमैक्स में राज्य सरकार द्वारा घोषित न्यूनतम वेतनमान लागू नहीं किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि न्यूनतम वेतनमान को लेकर औद्योगिक विवाद लंबित होने के बावजूद प्रबंधन ने 1 जुलाई से 14 अगस्त 2026 तक ले-ऑफ घोषित कर दिया, जिससे पहले से कम वेतन पर कार्य कर रहे श्रमिकों के सामने आर्थिक संकट और गहरा गया है।
वक्ताओं ने यह भी आरोप लगाया कि कंपनी प्रबंधन ने औद्योगिक नीति और सिडकुल नियमों के विपरीत प्लांट के एक हिस्से को दूसरी कंपनी को गोदाम के लिए किराये पर दे दिया है। साथ ही उच्चतम न्यायालय में हुए समझौते के लगभग तीन वर्ष बाद भी उसका पूर्ण अनुपालन नहीं किया गया है।
मोर्चा ने कार्यकारी अध्यक्ष दलजीत सिंह को उत्तराखंड गुंडा नियंत्रण अधिनियम, 1970 के तहत जारी नोटिस को अन्यायपूर्ण बताते हुए इसे तत्काल निरस्त करने की मांग की। उनका कहना था कि नोटिस का आधार वर्ष 2018 से 2022 के दौरान श्रमिक आंदोलनों से जुड़े मुकदमे हैं, जिनमें किसी भी मामले में आरोप सिद्ध नहीं हुए हैं।
प्रदर्शन के दौरान जिले के विभिन्न उद्योगों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर भी चिंता जताई गई। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि रावा हाईटेक कंपनी, शिमला पिस्तौर (लालपुर) में लगातार श्रमिक हादसे हो रहे हैं। उन्होंने 19 जून 2026 को श्रमिक आकाश के हाथ की तीन उंगलियां प्रेस मशीन में कटने की घटना का उल्लेख करते हुए मामले की निष्पक्ष जांच, पीड़ित को न्याय और कंपनी में सुरक्षा मानकों की जांच कराने की मांग की।
ज्ञापन में मांग की गई कि भगवती-माइक्रोमैक्स में घोषित ले-ऑफ तत्काल समाप्त कर सभी श्रमिकों की कार्यबहाली सुनिश्चित की जाए, न्यूनतम वेतनमान लागू कराया जाए, नियमों के उल्लंघन पर प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की जाए, दलजीत सिंह के खिलाफ जारी नोटिस वापस ली जाए तथा जिले की फैक्ट्रियों में सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराया जाए।
प्रदर्शन में श्रमिक संयुक्त मोर्चा के अध्यक्ष दिनेश तिवारी, कार्यकारी अध्यक्ष दलजीत सिंह, उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी के अध्यक्ष प्रभात ध्यानी, सीएसटीयू के महासचिव मुकुल श्री, धीरज जोशी, विजय कुमार, एआईसीसीटीयू की अनीता अन्ना, भगवती एम्प्लाइज यूनियन के ठाकुर सिंह व लोकेश पाठक, इंकलाबी मजदूर केंद्र के दिनेश भट्ट, उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी के दिनेश उपाध्याय, एलजीबी वर्कर्स यूनियन के गोविंद सिंह, रावा हाईटेक के श्रमिक आकाश, पारले मजदूर संघ के प्रमोद तिवारी सहित विभिन्न श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में श्रमिक मौजूद रहे।







