*हल्द्वानी में तेज रफ्तार डंपर की चपेट में आए पूर्व सैनिक की मौत, चालक फरार*
हल्द्वानी। शहर के रामपुर रोड स्थित नेक्सा शोरूम के पास शुक्रवार को तेज रफ्तार डंपर की चपेट में आने से सेना के पूर्व जवान की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद चालक डंपर समेत मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, हल्दूचौड़ निवासी पूर्व सैनिक शमशेर सिंह रौतेला सड़क से गुजर रहे थे। इसी दौरान तेज गति से आए डंपर ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची तथा घायल को तत्काल सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हादसे के बाद डंपर चालक वाहन लेकर फरार हो गया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि वाहन और चालक की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जा सके।
उल्लेखनीय है कि दो दिनों के भीतर सड़क हादसे में जान गंवाने वाले शमशेर सिंह रौतेला दूसरे पूर्व सैनिक हैं। इससे एक दिन पहले गुरुवार को हल्दूचौड़ में सड़क पार करते समय पूर्व सैनिक हरीश चंदोला की भी वाहन की चपेट में आने से मौत हो गई थी।
लगातार हो रहे सड़क हादसों से क्षेत्र में लोगों में आक्रोश और चिंता व्याप्त है। स्थानीय नागरिकों ने रामपुर रोड पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार पर प्रभावी अंकुश लगाने, सख्त यातायात व्यवस्था लागू करने और नियमित निगरानी की मांग प्रशासन से की है।







